
बिलासपुर। बिलासपुर के चकरभाठा एयरपोर्ट को 4C श्रेणी में विकसित करने की मांग पर छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान राज्य सरकार के रुख पर कोर्ट ने कड़ी नाराजगी जताई। करीब 9 साल से चल रही सुनवाई और पहले दिए गए विकास के आश्वासनों के बीच सरकार ने अब फंड की कमी का हवाला दिया। इस पर चीफ जस्टिस रामकृष्ण महापात्र और जस्टिस संतोष शर्मा की खंडपीठ ने सवाल उठाया कि जब एयरपोर्ट विकसित ही नहीं होगा, तो एयरलाइंस यहां बड़े विमानों का संचालन कैसे शुरू करेंगी?

9 साल से चल रही सुनवाई, सरकार के पुराने वादे याद दिलाए
एयरपोर्ट विस्तार से जुड़ी जनहित याचिकाओं पर सुनवाई के दौरान कोर्ट ने पुराने आदेशों का हवाला दिया। इन आदेशों में राज्य सरकार कई बार बिलासपुर एयरपोर्ट को 4C श्रेणी में विकसित करने का भरोसा दे चुकी है। 17 फरवरी 2023 से लेकर 2026 तक पारित आदेशों में भी एयरपोर्ट विकास को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता दर्ज है। याचिकाकर्ताओं की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता आशीष श्रीवास्तव ने कोर्ट में 2026 के एक आदेश का उल्लेख किया, जिसमें सरकार ने जल्द एयरपोर्ट को 4C श्रेणी में विकसित करने का कमिटमेंट दिया था। पुराने आश्वासनों के विपरीत अब फंड उपलब्ध नहीं होने की बात कहने पर कोर्ट ने सरकार के बयान को स्वीकार करने से इनकार कर दिया।

सरकार का तर्क- यात्रियों की संख्या कम, उड़ानों में घाटा
राज्य सरकार की ओर से अतिरिक्त महाधिवक्ता प्रवीण दास ने दलील दी कि बिलासपुर एयरपोर्ट से यात्रियों की संख्या काफी कम है। ऐसे में यहां फ्लाइट संचालन में सरकार को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। सरकार का कहना था कि एयरलाइन कंपनियां बड़े विमानों और अधिक उड़ानों के संचालन का कमिटमेंट दें, तभी एयरपोर्ट को 4C श्रेणी में विकसित करने की दिशा में आगे बढ़ा जाएगा।

103 करोड़ के प्रस्ताव मंत्रालय में अटके होने का दावा
याचिकाकर्ताओं की ओर से अधिवक्ता सुदीप श्रीवास्तव ने सरकार के तर्कों पर सवाल उठाते हुए कहा कि एयरपोर्ट को 4C श्रेणी में विकसित करने के लिए 300 करोड़ रुपये से अधिक की जरूरत नहीं है। उन्होंने बताया कि रनवे विस्तार के लिए करीब 63 करोड़ रुपये और नए एटीसी टावर के लिए 40 करोड़ रुपये का प्रस्ताव पिछले पांच महीने से मंत्रालय स्तर पर लंबित है। इन दोनों प्रस्तावों को मंजूरी मिल जाए तो करीब 103 करोड़ रुपये में ही 4C श्रेणी के लिए आवश्यक आधे से अधिक काम पूरा किया जा सकता है।
कोर्ट का सवाल- एयरपोर्ट विकसित नहीं होगा तो उड़ानें कैसे आएंगी?
सुनवाई के दौरान खंडपीठ ने सरकार से सवाल किया कि जब एयरपोर्ट का विकास ही नहीं होगा, तो एयरलाइन कंपनियां यहां बड़े विमानों से उड़ान कैसे संचालित करेंगी? सरकार की ओर से एयरलाइंस के कमिटमेंट और फंड उपलब्धता की बात दोहराए जाने पर कोर्ट ने तीखी टिप्पणी की। कोर्ट ने कहा कि राज्य सरकार के रुख से ऐसा प्रतीत हो रहा है कि वह बिलासपुर एयरपोर्ट को बंद करना चाहती है। कोर्ट ने यह भी सवाल किया कि यदि राज्य सरकार एयरपोर्ट का विकास नहीं करना चाहती, तो उसे पूरी तरह एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) को क्यों नहीं सौंप दिया जाता?
राज्य सरकार और AAI से मांगा स्पष्ट जवाब
सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने राज्य सरकार और एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया दोनों को बिलासपुर एयरपोर्ट के विकास एवं संचालन को लेकर अपना स्पष्ट रुख प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। बिलासपुर एयरपोर्ट के विस्तार की मांग लंबे समय से उठ रही है। अब हाईकोर्ट की सख्ती और सरकार-एएआई के अगले जवाब पर इस मामले की दिशा तय होने की उम्मीद है।
