
बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है। दो दिन से लापता युवक की तलाश कर रही पुलिस को जंगल में उसका कटा हुआ सिर मिला। जांच आगे बढ़ी तो कथित प्रेम संबंध और हत्या की खौफनाक कहानी सामने आई। पुलिस के मुताबिक, युवक को उसकी प्रेमिका ने मिलने के बहाने बुलाया था। इसके बाद उसने अपने पति के साथ मिलकर युवक की हत्या कर दी और शव के सिर व धड़ को अलग-अलग जगहों पर ठिकाने लगा दिया।

ऐसे खुला हत्याकांड
मामला डौरा चौकी क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, अमीम अंसारी ने 3 अक्टूबर को अपने भाई वसीम अंसारी के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। वसीम 2 अक्टूबर की शाम करीब 6 बजे एक्टिवा से गांव जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। अगले दिन सुबह उसकी एक्टिवा CG15CQ3388 मक्का बाड़ी के पास लावारिस हालत में मिली। परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन वसीम का कोई सुराग नहीं मिला।

जंगल में मिला कटा हुआ सिर
पुलिस गुमशुदगी की जांच कर ही रही थी कि ग्रामीणों से सूचना मिली कि ग्राम भीतर चिल्मा उबका जंगल में नाले के पास एक गड्ढे में एक व्यक्ति का कटा हुआ सिर पड़ा है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। लापता वसीम के भाई को बुलाकर सिर की पहचान कराई गई। पुलिस के मुताबिक, उसने सिर की पहचान वसीम अंसारी के रूप में की।

प्रेम संबंध बना हत्या की वजह?
मामले की जांच में पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में मनबासो और उसके पति सोनू खैरवार से अहम जानकारी मिली। जांच में सामने आया कि मनबासो के वसीम के साथ कथित तौर पर पहले से संबंध थे। पुलिस के अनुसार, 2 अक्टूबर की शाम करीब 7 बजे मनबासो ने फोन कर वसीम को मिलने के लिए बुलाया। आरोप है कि वसीम के पहुंचने के बाद मनबासो और उसके पति सोनू ने पूर्व योजना के तहत कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी।

हत्या के बाद सिर-धड़ अलग-अलग फेंके
पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद आरोपियों ने शव की पहचान छिपाने और अपराध से बचने के लिए सिर और धड़ को अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और शव के अन्य हिस्सों की तलाश की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
– सोनू खैरवार (30), निवासी ग्राम कोटडीह, थाना पस्ता
– मनबासो (25), निवासी ग्राम कोटडीह, थाना पस्ता
