
बिलासपुर। 11 जुलाई 2026। बिलासपुर में साइबर अपराधियों ने एक शिक्षिका को बदनाम करने और पुलिस कार्रवाई का भय दिखाकर 76 हजार 500 रुपये की ऑनलाइन ठगी कर ली। आरोपी ने फोन पर खुद को सुनील बताते हुए दावा किया कि शिक्षिका के मोबाइल से अश्लील वीडियो देखे गए हैं और यदि पैसे नहीं दिए गए तो वीडियो वायरल करने के साथ ही उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी जाएगी। सामाजिक प्रतिष्ठा खोने के डर से शिक्षिका साइबर ठग के झांसे में आ गईं और अलग-अलग किश्तों में फोन पे के माध्यम से रकम ट्रांसफर कर दी।

धमकी देकर वसूली की रकम
सिविल लाइन थाना क्षेत्र निवासी 42 वर्षीय शिक्षिका के अनुसार, 4 जुलाई की दोपहर करीब 12:30 बजे एक अज्ञात मोबाइल नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने दावा किया कि उसके पास उनके मोबाइल से अश्लील वीडियो देखने का रिकॉर्ड है। उसने वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने और शिक्षिका होने के कारण कानूनी कार्रवाई कराने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी ने क्यूआर कोड भेजकर फोन पे के जरिए कई किश्तों में कुल 76,500 रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए।

समय रहते साइबर हेल्पलाइन में की शिकायत
कुछ देर बाद शिक्षिका को ठगी का एहसास हुआ। उन्होंने उसी दिन दोपहर 2:50 बजे राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर बैंकिंग सिस्टम के जरिए 28,993 रुपये की राशि होल्ड करा दी गई।

पुलिस ने दर्ज किया मामला
पीड़िता की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) तथा सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम की धारा 66(डी) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस साइबर ठग की पहचान और लेन-देन की जांच में जुटी हुई है।
पुलिस की अपील:
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल पर धमकी या दबाव में आकर ऑनलाइन भुगतान न करें। ऐसे मामलों में तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।
