
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में तेज रफ्तार से थार चलाने को लेकर सड़क पर विवाद हो गया। इस दौरान होटल कारोबारी और शराब घोटाले के आरोपी नितेश पुरोहित के बेटे आर्यन पुरोहित के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की घटना सामने आई है। मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आर्यन पुरोहित अपनी थार (CG13 AT 7722) को तेज गति से चला रहा था। मोतीबाग के पास उसने कई दोपहिया वाहनों को ओवरटेक करते हुए कट मारे, इसी दौरान एक बाइक सवार से वाहन की टक्कर हो गई। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने गाड़ी रुकवाकर नाराजगी जताई।

बताया जा रहा है कि वाहन रोकने के बाद आर्यन और बाइक सवारों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई। आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि युवक ने अपने रसूख का हवाला देते हुए दबाव बनाने की कोशिश की और खुद को प्रभावशाली लोगों का परिचित बताते हुए पुलिस बुलाने की बात कही। वहीं, आर्यन का आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने उसके साथ अभद्रता और गाली-गलौज की।
वायरल वीडियो में बहस के दौरान धक्का-मुक्की होती दिखाई दे रही है। इसी बीच एक युवक आर्यन को थप्पड़ मारते हुए नजर आ रहा है। हालांकि, इस मामले में अब तक कोई आधिकारिक शिकायत दर्ज होने की जानकारी सामने नहीं आई है। कोतवाली थाना प्रभारी सतीश सिंह ने भी घटना की जानकारी नहीं होने की बात कही है।
