
कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा शहर में रात करीब 11 बजे उस वक्त हड़कंप मच गया, जब स्नेहा हॉस्पिटल के पास एक तेंदुआ दिखाई दिया। शहर के बीच तेंदुआ नजर आने की खबर फैलते ही इलाके में दहशत का माहौल बन गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी।

सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। DFO समेत वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर तैनात हैं। टीम तेंदुए की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही है।

बताया जा रहा है कि तेंदुआ जंगल से भटककर शहर की ओर पहुंचा है। तेंदुए के शहर में पहुंचने की सूचना मिलते ही लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दी जा रही है। वन विभाग की टीम लोगों से मौके पर भीड़ नहीं लगाने और घरों से बाहर निकलने से बचने की अपील कर रही है।
फिलहाल तेंदुए को सुरक्षित रेस्क्यू करने की कोशिश जारी है। यह पूरा मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।
