
बिलासपुर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) द्वारा वसंत क्लब, वसंत विहार कॉलोनी में “एसईसीएल योग महोत्सव 2026” का आयोजन किया गया। “स्वस्थ आयु के लिए योग” थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिजनों ने बड़ी संख्या में हिस्सा लेकर सामूहिक योगाभ्यास किया।

योग सत्र का संचालन ब्रह्मकुमारी गायत्री देवी ने किया। उनके निर्देशन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया। इस दौरान कोलकाता में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया।

आयुष मंत्रालय के कॉमन योगा प्रोटोकॉल के अनुसार आयोजित कार्यक्रम में योग के शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक लाभों की जानकारी दी गई। हरीश दुहन ने कहा कि योग स्वस्थ शरीर, शांत मन और सकारात्मक जीवनशैली का आधार है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाता है तथा बेहतर जीवन गुणवत्ता प्रदान करता है। उन्होंने सभी से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने नियमित योग करने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और समाज को नशामुक्त बनाने के लिए नशा मुक्ति की शपथ ली। योग दिवस के अवसर पर एसईसीएल मुख्यालय के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों और इकाइयों में भी योग से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में कर्मचारियों और उनके परिवारजनों ने भागीदारी की।
कार्यक्रम में एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन, श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्षा शशि दुहन, निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास, निदेशक (वित्त) दारला सुनील कुमार, मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन, निदेशक (तकनीकी-योजना/परियोजना) रमेश चन्द्र महापात्र, श्रद्धा महिला मंडल की उपाध्यक्षा इप्सिता दास और हसीना कुमार सहित अनेक अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
