
बिलासपुर। मंगलवार को लालखदान क्षेत्र में हुए भीषण रेल हादसे के घायलों से नगर विधायक अमर अग्रवाल ने विभिन्न अस्पतालों में मुलाकात कर उनका हाल जाना। उन्होंने अरपा मेडिसिटी, रेलवे अस्पताल, सिम्स और अपोलो अस्पताल पहुंचकर घायलों की स्थिति की जानकारी ली और डॉक्टरों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

विधायक अग्रवाल ने घायलों के परिजनों से भी बातचीत की और उन्हें सांत्वना देते हुए कहा कि राज्य सरकार एवं प्रशासन पूरी तरह से घायलों की मदद में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि सभी अस्पतालों में इलाज की सुविधाएं संतोषजनक हैं और मरीजों की हालत में लगातार सुधार हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, हादसे में 17 लोग घायल हुए थे, जिनमें तुलाराम अग्रवाल, आराधना निषाद, नीरज निषाद सहित छह लोग अभी विशेष निगरानी में हैं। इस दुर्घटना में देवरीखुर्द का डेढ़ वर्ष का मासूम बच्चा भी हताहत हुआ है। अमर अग्रवाल ने अस्पताल में बच्चे की बुआ से मिलकर संवेदना व्यक्त की और परिवार को ढांढस बंधाया।

अपोलो अस्पताल में विधायक ने प्रबंधन प्रभारी अभय गुप्ता से इलाज से जुड़ी तैयारियों की जानकारी ली और समुचित चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए है और सभी घायलों को हर संभव सहायता दी जा रही है।
अमर अग्रवाल ने हादसे में जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि दी और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
