
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर शहर में ठगी का एक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में तीन शातिर बदमाशों ने एक 68 वर्षीय बुजुर्ग महिला को सुरक्षा का झांसा देकर करीब दो लाख रुपये के सोने के जेवर ठग लिए। वारदात के बाद आरोपी महिला को कागज की पोटली थमाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, सिंधी कॉलोनी निवासी विद्या मोटवानी की कंवरराम मार्केट में कपड़ों की दुकान है। 3 अगस्त की शाम वह रोज की तरह सब्जी खरीदने बाजार गई थीं। नेहरू चौक के पास ऑटो में बैठे दो युवकों ने उनसे बस स्टैंड का रास्ता पूछने के बहाने बातचीत शुरू की। कुछ देर बाद एक अन्य युवक भी वहां पहुंच गया और तीनों ने मिलकर महिला का विश्वास जीत लिया।

आरोपियों ने महिला से कहा कि शहर में चोरी और लूट की घटनाएं बढ़ गई हैं, इसलिए खुले में सोने के जेवर पहनना सुरक्षित नहीं है। उन्होंने महिला को ऑटो में बैठाया, पानी पिलाया और जेवर कपड़े में बांधकर सुरक्षित रखने की सलाह दी। महिला उनकी बातों में आ गई और हाथ का सोने का कंगन व अंगूठी उतारकर उन्हें दे दी।

बदमाशों ने जेवर कपड़े में बांधने का नाटक किया और कुछ देर बाद कागज की पोटली वापस थमा दी। इसके बाद महिला को थोड़ी दूर ले जाकर ऑटो से उतार दिया और फरार हो गए। बाद में पोटली खोलने पर उन्हें ठगी का एहसास हुआ।
परिजनों के मुताबिक, महिला के एक हाथ में पहले से सूजन होने के कारण दूसरा सोने का कंगन नहीं निकल पाया। इससे आरोपी और अधिक कीमती जेवर ले जाने में सफल नहीं हो सके। पुलिस को आशंका है कि इस वारदात में ऑटो चालक की भी भूमिका हो सकती है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में संदिग्ध युवक महिला से बातचीत करते और उन्हें अपने झांसे में लेते दिखाई दिए हैं। सिविल लाइन थाना पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अनजान लोगों की बातों में आकर अपने कीमती जेवर या सामान किसी को न सौंपें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल पुलिस को सूचना दें।
