
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को नवा रायपुर स्थित महानदी भवन में राज्यव्यापी मेरी बेटी–मेरा अभिमान’ अभियान का शुभारंभ किया। यह अभियान 15 अगस्त 2026 से 26 जनवरी 2027 तक चलेगा। इसके तहत प्रदेश के हर गांव में मुक्तिधाम और प्रतीक्षालय का निर्माण कराया जाएगा, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों के सभी शासकीय स्कूलों में बालिकाओं के लिए अलग शौचालय बनाए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि अभियान विकसित भारत–रोजगार और आजीविका गारंटी मिशन (वीबी-जी राम जी) के तहत संचालित होगा। इसके अंतर्गत 286.85 करोड़ रुपये की लागत से 6,671 बालिका शौचालय, 391.44 करोड़ रुपये से 6,524 मुक्तिधाम-प्रतीक्षालय, तथा 18.22 करोड़ रुपये से 549 अतिरिक्त मुक्तिधाम बनाए जाएंगे। साथ ही 10,027 बंद पड़े बोरवेलों को रिचार्ज पिट में बदलनेbका कार्य भी किया जाएगा, जिससे जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चालू वित्तीय वर्ष में मनरेगा और वीबी-जी राम जी योजना के माध्यम से प्रदेश को लगभग 6,855 करोड़ रुपये मिलेंगे, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। योजना के तहत मजदूरी बढ़ाकर 300 रुपये प्रतिदिन कर दी गई है और सभी विकास कार्य ग्राम सभा की मंजूरी के बाद ही स्वीकृत होंगे।

उन्होंने बताया कि योजना में 318 प्रकार के विकास कार्य शामिल किए गए हैं, जिनमें जल संरक्षण, ग्रामीण अधोसंरचना, आजीविका संवर्धन और आपदा प्रबंधन से जुड़े कार्य प्रमुख हैं। सड़क, पुलिया, पंचायत भवन, आंगनबाड़ी, पुस्तकालय, पशु चिकित्सालय, डेयरी, मत्स्य पालन, कोल्ड स्टोरेज और जल संरक्षण जैसी सुविधाओं के विकास पर विशेष जोर दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि योजना का उद्देश्य केवल रोजगार देना नहीं, बल्कि गांवों को आत्मनिर्भर, स्वच्छ और विकसित बनाना है। डिजिटल मॉनिटरिंग, सामाजिक अंकेक्षण और समयबद्ध भुगतान के जरिए योजना का पारदर्शी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा। पत्रकार वार्ता में उपमुख्यमंत्री एवं पंचायत मंत्री विजय शर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
