Homeअपराधसेंदरी-मोपका बाइपास में लुटेरों का आतंक, एक रात में 3 राहगीर चाकू...

सेंदरी-मोपका बाइपास में लुटेरों का आतंक, एक रात में 3 राहगीर चाकू की नोक पर लुटे….

बिलासपुर। 19 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर जिले के सेंदरी-मोपका बाइपास रोड पर एक ही रात में लूट की तीन वारदातों से इलाके में हड़कंप मच गया। लाल-काले रंग की बिना नंबर प्लेट वाली बाइक पर सवार चार बदमाशों ने अलग-अलग स्थानों पर राहगीरों को रोककर चाकू की नोक पर मोबाइल और बैग लूट लिए। एक युवक से मारपीट भी की गई। तीनों घटनाओं में करीब 71 हजार 500 रुपये के सामान की लूट बताई जा रही है। सरकंडा पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 309(4) और 309(6) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

एक के बाद एक तीन वारदातें

पुलिस के मुताबिक रविवार की शाम करीब 6:30 बजे सेंदरी-मोपका बाइपास के पास अभिनव शास्त्री को चार युवकों ने घेर लिया। बदमाशों ने गले पर चाकू लगाकर उनका मोबाइल और डार्क ब्लू रंग का बैग लूट लिया। बैग में आधार कार्ड और पैन कार्ड रखे थे।

इसके बाद रात करीब 9 बजे नितेश यादव को भी इसी बाइपास मार्ग पर बदमाशों ने रोक लिया। चाकू दिखाकर उनसे दो मोबाइल लूट लिए गए, जिनकी कीमत करीब 40 हजार रुपये बताई गई है।

वहीं रात करीब 11 बजे ड्यूटी से घर लौट रहे ग्राम नगोई निवासी टिकेश्वर मिश्रा को बैमा-नगोई मार्ग के पास बदमाशों ने रोक लिया। आरोपियों ने बेल्ट से उनके साथ मारपीट की और चाकू दिखाकर मोबाइल व काले रंग का बैग छीन लिया। बैग में एटीएम, आधार कार्ड, पैन कार्ड, पोस्ट ऑफिस की पासबुक, रेनकोट, टिफिन और मोबाइल चार्जर सहित अन्य सामान था। मारपीट में टिकेश्वर के बाएं हाथ में चोट आई।

एक ही गिरोह होने की आशंका

तीनों घटनाओं में बदमाशों का तरीका लगभग एक जैसा था। चार युवक लाल-काले रंग की बिना नंबर प्लेट वाली पैशन प्रो बाइक से पहुंचे और राहगीरों को धमकाकर लूटपाट की। वारदात के बाद सभी बदमाश सेंदरी की ओर फरार हो गए। घटनाओं के एक जैसे पैटर्न को देखते हुए पुलिस को तीनों वारदातों के पीछे एक ही गिरोह के शामिल होने की आशंका है।

CCTV और सुरागों के आधार पर तलाश

सरकंडा पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। पुलिस को बदमाशों के संबंध में कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिलने की जानकारी सामने आई है। इन्हीं सुरागों के आधार पर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। लगातार हुई लूट की घटनाओं के बाद बाइपास मार्ग से रात में गुजरने वाले लोगों में भी दहशत का माहौल है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts