
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में कानून व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। रेलवे क्षेत्र के मुल्कराज होटल के सामने आधी रात खुलेआम गुंडागर्दी का नजारा देखने को मिला, जहां आधा दर्जन बदमाशों ने एक युवक को सड़क पर गिराकर बेरहमी से पीटा।

हैरानी की बात यह रही कि घटना के दौरान पास ही पेट्रोलिंग कर रही तोरवा पुलिस की गाड़ी का हूटर बजता रहा, लेकिन बदमाशों के हौसले इतने बुलंद थे कि उन्हें किसी का डर नहीं था। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवक को जमीन पर पटककर लगातार लात-घूंसे मारे जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, गणेश नगर निवासी शेख इकबाल देर रात मुल्कराज होटल से खाना लेकर लौट रहा था, तभी रास्ते में लक्की दास और पंकज से विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर सरेआम मारपीट शुरू कर दी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि उक्त होटल देर रात तक खुले रहने और वहां असामाजिक तत्वों की आवाजाही के कारण पहले भी विवादों में रहा है। इसके बावजूद प्रशासन की ओर से कोई सख्त कार्रवाई नहीं की गई।
इस घटना ने पुलिस की पेट्रोलिंग और सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। सवाल यह उठता है कि जब पुलिस की मौजूदगी में ही बदमाश बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं, तो आम लोगों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी?
