
सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के जेठा हल्के में पदस्थ पटवारी हरिशंकर सिदार का कथित तौर पर पैसे लेते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया है। वीडियो को लेकर ग्रामीण ने जमीन की रजिस्ट्री से जुड़े काम के एवज में रिश्वत लेने का आरोप लगाया है। हालांकि, पटवारी ने रिश्वत लेने से इनकार करते हुए रकम को उधारी का पैसा बताया है।

5 हजार मांगे, 3 हजार देने का आरोप
पीड़ित ग्रामीण लकेश्वर साहू के मुताबिक, जमीन की रजिस्ट्री के लिए खसरा नंबर निकलवाने के नाम पर पटवारी ने कथित तौर पर 5 हजार रुपये की मांग की थी। बाद में उसने 3 हजार रुपये दिए। इसी दौरान किसी ने पैसे के लेन-देन का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पटवारी ने दी अलग सफाई
मामले में पटवारी हरिशंकर सिदार का कहना है कि वीडियो में दिखाई दे रहे ग्रामीण उसी के गांव के हैं। उनके मुताबिक, ग्रामीणों ने उसे 5 हजार रुपये की पुरानी उधारी में से 3 हजार रुपये लौटाए थे। पटवारी ने स्पष्ट किया कि इस रकम का राजस्व कार्य या रिश्वत से कोई संबंध नहीं है।

वायरल वीडियो के बाद उठे सवाल
वीडियो सामने आने के बाद राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठने लगे हैं। अब मामला जांच के दायरे में आता है या नहीं और जिला प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई की जाती है या नहीं, इस पर नजर है। फिलहाल वायरल वीडियो और दोनों पक्षों के दावों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है। राजधानी G न्यूज वायरल वीडियो की सत्यता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है।
