
महासमुंद। HDFC Parivartan एवं Ambuja Foundation के संयुक्त तत्वावधान में संचालित कौशल विकास केंद्र, SEDI महासमुंद में 79वाँ स्वतंत्रता दिवस समारोह बड़ी ही धूमधाम और जोश के साथ मनाया गया। “नए भारत – समृद्ध और विकसित भारत” की थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में प्रशिक्षुओं ने देशभक्ति, एकता और रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन किया.

ध्वजारोहण और प्रेरक संबोधन से हुई शुरुआत
कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण से हुआ। इस अवसर पर प्रभारी संजीव वस्त्रकार एवं एस.आर. बंजारे ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के बाद वस्त्रकार ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर प्रेरणादायक विचार साझा किए। वहीं, बंजारे और कौशिक ने भी सभा को संबोधित करते हुए सामूहिक प्रयासों से सशक्त भारत के निर्माण की अपील की।

प्रतियोगिताओं में दिखी प्रशिक्षुओं की प्रतिभा
समारोह को जीवंत बनाने के लिए फैंसी ड्रेस, रंगोली, भाषण, नृत्य और गायन जैसी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रशिक्षुओं ने अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। देशभक्ति गीतों और नृत्य प्रस्तुतियों ने माहौल को भावनात्मक और उत्साहपूर्ण बना दिया।

विजेताओं को मिला सम्मान
कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित प्रतियोगिताओं में विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में खुशबू साहू एवं भूमिका चौहान (प्रथम), टिकेश्वरी निषाद व दिनेश निषाद (द्वितीय), और श्रद्धा यादव व प्रीति ध्रुव (तृतीय) रहे। रंगोली प्रतियोगिता में काजल सिन्हा एवं एकता यादव (प्रथम), इनेश पटेल व दुर्गा साहू (द्वितीय), और लक्ष्मी साहू एवं अंजलि यादव (तृतीय) रहे।
नृत्य प्रतियोगिता में थानेश्वरी एवं समूह (प्रथम) और रोहित एवं समूह (द्वितीय) विजेता बने। पुरस्कार वितरण समारोह पूरे आयोजन का मुख्य आकर्षण रहा।
देशभक्ति और उल्लास के बीच हुआ समापन
समारोह का समापन मिठाइयों और नाश्ते के वितरण के साथ हुआ। प्रशिक्षुओं के बीच भाईचारे और उत्साह का माहौल देखने लायक था। आयोजन ने न केवल देशभक्ति की भावना को प्रबल किया, बल्कि “नए भारत” के निर्माण के संकल्प को और मजबूत किया। यह आयोजन SEDI महासमुंद में एकता, विविधता और देशभक्ति की मिसाल बन गया।
