
सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में पारिवारिक विवाद ने खौफनाक मोड़ ले लिया। धान बिक्री और पुस्तैनी जमीन को लेकर दो सगे भाईयों के बीच हुआ झगड़ा इतना बढ़ गया कि बड़े भाई ने अपने परिजनों के साथ मिलकर छोटे भाई की लाठी-डंडे से बेरहमी से पिटाई कर दी। इस हमले में छोटे भाई की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना रामानुजगंज थाना क्षेत्र के कोट पटना गांव की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार मृतक आनंद राम और उसके बड़े भाई भोला के बीच लंबे समय से पुस्तैनी जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। जमीन का विभाजन नहीं होने के कारण दोनों भाई मिलकर खेती कर रहे थे।

मंगलवार को धान को समर्थन मूल्य पर बेचने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। विवाद के दौरान दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में आनंद राम गंभीर रूप से घायल हो गया, वहीं उसकी पत्नी और अन्य दो लोग भी चोटिल हो गए।

सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने आनंद राम को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश में जुट गई है। मामले की जांच जारी है।
