Wednesday, February 11, 2026
Homeअपराधमुक्तिधाम से अस्थि चोरी..! CCTV में कैद दो महिलाएं, परिवार पहुंचा खाली...

मुक्तिधाम से अस्थि चोरी..! CCTV में कैद दो महिलाएं, परिवार पहुंचा खाली मटका लेकर थाने, पत्नी पर गंभीर आरोप, पुलिस जांच में जुटी…

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर से एक बेहद संवेदनशील और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां मुक्तिधाम से मृतक की अस्थियां चोरी होने का आरोप लगा है। यह घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के भारतीय नगर मुक्तिधाम की बताई जा रही है। मामले ने न सिर्फ मृतक के परिजनों को आहत किया है, बल्कि इलाके में भी आक्रोश और हैरानी का माहौल बना दिया है।

जानकारी के अनुसार, मृतक के अंतिम संस्कार के बाद उसकी अस्थियां मुक्तिधाम में सुरक्षित रखी गई थीं। जब परिजन अस्थि विसर्जन की तैयारी के लिए मुक्तिधाम पहुंचे, तो वहां रखा अस्थि पात्र खाली मिला। अस्थियों के गायब होने की जानकारी मिलते ही परिवार के होश उड़ गए।

मामले की गंभीरता तब और बढ़ गई जब मुक्तिधाम में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई। सीसीटीवी फुटेज में दो महिलाएं अस्थि पात्र को उठाकर ले जाते हुए कैद हुई हैं। फुटेज सामने आने के बाद परिजनों ने सीधे तौर पर मृतक की पत्नी पर अस्थि चोरी का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि मृतक की पत्नी काफी समय से पति को छोड़कर अलग रह रही थी और पारिवारिक विवाद भी चल रहा था।

घटना से आक्रोशित मृतक का परिवार खाली अस्थि मटका लेकर सिविल लाइन थाने पहुंचा और पूरे मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। परिजनों का कहना है कि अस्थि चोरी जैसी घटना उनकी धार्मिक भावनाओं पर गहरा आघात है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है। सिविल लाइन थाना पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और फुटेज में नजर आ रही महिलाओं की पहचान की जा रही है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किए जाने की बात कही जा रही है।

फिलहाल यह मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग इस तरह की घटना को बेहद निंदनीय बता रहे हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts