
बिलासपुर। एक ओर 26 जनवरी को पूरा देश गणतंत्र दिवस का उत्सव मना रहा था, वहीं बिलासपुर शहर की सड़कों पर कुछ युवकों ने कानून की खुलेआम धज्जियां उड़ाईं। कार से खतरनाक स्टंटबाजी करते युवकों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अब पुलिस की कार्यप्रणाली कटघरे में है।

बताया जा रहा है कि यह वीडियो गणतंत्र दिवस का है, जिसमें युवकों की टोली गांधी चौक से लेकर तोरवा और राजकिशोर नगर इलाके के बीच सड़कों पर जानलेवा स्टंट करते नजर आ रहे है। वीडियो से साफ प्रतीत होता है कि यह सब कुछ काफी देर तक चलता रहा, लेकिन न ट्रैफिक पुलिस ने हस्तक्षेप किया और न ही पेट्रोलिंग टीम ने रोकने की कोशिश की।
संवेदनशील दिन पर लापरवाही?
26 जनवरी जैसे राष्ट्रीय पर्व पर आमतौर पर शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहते हैं। ऐसे में बीच शहर सड़कों पर इस तरह की खतरनाक हरकतें होना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। वीडियो में स्टंट कर रहे युवकों की लापरवाही से राहगीरों और अन्य वाहन चालकों की जान जोखिम में पड़ती दिख रही है।
चेतावनी के बाद भी नहीं सुधार रहे बदमाश युवक
उप महानिरीक्षक रजनेश सिंह द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से यातायात नियमों को लेकर जागरूकता और सख्ती की चेतावनियां दी जाती रही हैं, लेकिन युवक सुधरने के नाम नहीं ले रहे है। जब कि ऐसे दर्जनों मामलों में पुलिस कार्रवाई कर चुकी है। फिर भी ऐसी तस्वीर सामने आ रही है। जिसमें कानून की धज्जियां बेखौफ उड़ाई जा रही है।
अब देखने वाली बात है कि, पुलिस कब तक स्टंटबाजों की पहचान कर कार्रवाई करती है और क्या इस मामले में जिम्मेदार अधिकारियों पर भी कोई कदम उठाया जाएगा या नहीं।
