Tuesday, February 10, 2026
Homeअन्य खबरेफैक्ट्री से उठता धुआं, मिनटों में विकराल हुई आग, दमकल-पुलिस की तत्परता...

फैक्ट्री से उठता धुआं, मिनटों में विकराल हुई आग, दमकल-पुलिस की तत्परता से टली जनहानि..! देखें वीडियो

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के उरला औद्योगिक क्षेत्र में स्थित कावेरी इंडस्ट्री में शनिवार दोपहर अचानक आग भड़क उठी। कुछ ही देर में आग ने फैक्ट्री के एक हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि फैक्ट्री परिसर से अचानक घना धुआं उठता दिखाई दिया, जिसके बाद आग की लपटें तेजी से फैलने लगीं। फैक्ट्री में तार, तेल, केमिकल और अन्य ज्वलनशील सामग्री मौजूद होने के कारण आग ने विकराल रूप ले लिया। मौके पर मौजूद निरीक्षक राजेश सिंह के अनुसार, पुलिस और फायर ब्रिगेड की तत्परता से फैक्ट्री को तुरंत खाली करा लिया गया, जिससे किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

दमकल की कई गाड़ियां पहुंचीं मौके पर

घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं। लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस दौरान पुलिस ने एहतियातन पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी, ताकि कोई भी व्यक्ति आग की चपेट में न आ सके। आग बुझाने में दमकल कर्मियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। आगजनी की घटना में फैक्ट्री में रखे कच्चे माल और मशीनों को भारी नुकसान पहुंचा है, जिसकी आकलन प्रक्रिया जारी है।

घटना के दौरान आसपास की फैक्ट्रियों के कर्मचारी और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए थे। पुलिस ने लोगों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है। फिलहाल प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें मौके पर मौजूद हैं और एहतियातन कूलिंग का कार्य जारी है। पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts