बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर के राजकिशोर नगर क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक पेड़ पर युवक और युवती के शव लटके हुए मिले। घटना राधिका विहार कॉलोनी के ठीक सामने की बताई जा रही है। रात स्थानीय लोगों की नजर जब पेड़ पर लटके दोनों शवों पर पड़ी तो पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही सरकंडा थाना क्षेत्र की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र को घेराबंदी कर सुरक्षित किया और प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस दोनों शवों को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई में जुटी हुई है और पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार, रात के समय किसी भी तरह की हलचल या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी उन्हें नहीं मिली थी। ऐसे में यह घटना आत्महत्या है या किसी अन्य कारण से हुई है, इस पर अभी कुछ भी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और क्षेत्र के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।

दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है, जिसके बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस का कहना है कि पहचान होने के बाद ही आगे की कार्रवाई और जांच की दिशा तय की जाएगी। फिलहाल पूरे इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है।
