
भिलाई। छत्तीसगढ़ के भिलाई में वैशाली नगर से भाजपा विधायक रिकेश सेन की सुरक्षा को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। महिला दिवस के दिन विधायक रिकेश सेन ने सार्वजनिक मंच से अपनी हत्या की साजिश रचे जाने का दावा किया था। इस दौरान भाजपा के पूर्व पार्षद जयप्रकाश यादव द्वारा दिखाई गई पीले रंग की फाइल का जिक्र करते हुए कहा गया था कि उसमें साजिशकर्ताओं के नाम दर्ज हैं।

अब इस मामले में कांग्रेस भी खुलकर सामने आ गई है। कांग्रेस नेताओं ने सुपेला थाने पहुंचकर पुलिस को ज्ञापन सौंपा और पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की। कांग्रेस का आरोप है कि एक सप्ताह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी पुलिस ने भाजपा के पूर्व पार्षद जयप्रकाश यादव की तथाकथित ‘पीली फाइल’ की जांच शुरू नहीं की है।

कांग्रेस ने सरकार पर उठाए सवाल
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जब एक विधायक खुद अपनी जान को खतरा बता रहा है, तब पुलिस की निष्क्रियता गंभीर सवाल खड़े करती है। कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने सुपेला थाना पहुंचकर विधायक रिकेश सेन की सुरक्षा बढ़ाने और साजिशकर्ताओं के नाम सार्वजनिक करने की मांग की।

महिला दिवस पर सामने आया था मामला
8 मार्च को आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान विधायक रिकेश सेन ने दावा किया था कि उनके खिलाफ साजिश रची जा रही है। इस दौरान उन्होंने एक वीडियो भी दिखाया था, जिसमें भाजपा के पूर्व पार्षद जयप्रकाश यादव पीले रंग की एक फाइल के साथ दिखाई दे रहे थे। विधायक के अनुसार इस फाइल में उन लोगों के नाम दर्ज हैं जो उन्हें फंसाने या नुकसान पहुंचाने की योजना बना रहे हैं। उन्होंने कहा था कि एक वीडियो सामने आने के बाद उनका पूरा परिवार सदमे में है।

जहर देकर मारने या एक्सीडेंट की साजिश का दावा
रिकेश सेन ने यह भी बताया था कि जयप्रकाश यादव ने उन्हें व्हाट्सऐप कॉल कर सतर्क रहने की सलाह दी थी। उन्होंने कहा था कि किसी के घर भोजन करने न जाएं और अकेले बाहर न निकलें, क्योंकि उन्हें नुकसान पहुंचाने की साजिश चल रही है।
विधायक के मुताबिक उन्हें जन्मदिन के बहाने केक में जहर मिलाकर मारने या सड़क दुर्घटना के रूप में हत्या दिखाने की योजना की जानकारी मिली थी। साथ ही उन्हें फर्जी दुष्कर्म मामले में फंसाने की भी साजिश होने का दावा किया गया था।

विधानसभा में भी गूंजा मामला
यह मुद्दा छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र में भी उठा। शून्यकाल के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने विधायक रिकेश सेन की सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए सरकार से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि सत्तारूढ़ दल का विधायक ही खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है तो यह गंभीर विषय है।
जयप्रकाश यादव पहले भी विवादों में
भाजपा नेता और पूर्व पार्षद जयप्रकाश यादव पहले भी नौकरी के नाम पर पैसे लेने के आरोपों को लेकर चर्चा में रहे हैं। 11 फरवरी को उनके खिलाफ 16 लाख रुपए की ठगी का मामला दर्ज किया गया था। आरोप है कि उन्होंने अलग-अलग लोगों से नौकरी दिलाने के नाम पर रकम ली थी। पीड़ितों ने पुलिस को व्हाट्सऐप चैट और कॉल रिकॉर्डिंग भी सबूत के तौर पर सौंपी हैं। इसी बीच जयप्रकाश यादव ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर पीले रंग की फाइल दिखाई थी और विधायक रिकेश सेन के समर्थन में सामने आए थे। बाद में महिला दिवस के कार्यक्रम में उसी वीडियो का हवाला देकर विधायक ने अपनी जान को खतरा बताया था।
कांग्रेस की मांग
भिलाई कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने कहा कि विधायक ने खुद सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है, लेकिन अब तक पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच कर साजिशकर्ताओं के नाम सामने लाए जाएं, ताकि सच्चाई जनता के सामने आ सके।
