
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में शराब के नशे में स्कूटी चलाना एक युवक के लिए जानलेवा साबित हो गया। देर रात करीब 1:30 बजे तारबाहर थाना क्षेत्र में होटल हैवंस पार्क के सामने एक तेज रफ्तार स्कूटी सड़क किनारे बने डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

मामले की सूचना मिलते ही तारबाहर थाना की पेट्रोलिंग टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए जिला अस्पताल बिलासपुर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान जैद अंसारी (28 वर्ष), पिता मोहम्मद रईस खान, निवासी तालापारा बिलासपुर के रूप में हुई है।

शराब के नशे में बिगड़ा संतुलन
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जैद अंसारी अपने दोस्त रितेश तोलानी के साथ शराब पीने के बाद स्कूटी से पुराना बस स्टैंड की ओर जा रहा था। इसी दौरान अचानक स्कूटी का संतुलन बिगड़ गया और वाहन सीधे सड़क किनारे बने डिवाइडर से जा टकराया। हादसे में युवक के सिर पर गंभीर चोट आई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
SSP की अपील
बिलासपुर के एसएसपी रजनेश सिंह ने लोगों, खासकर युवाओं से अपील करते हुए कहा कि शराब पीकर वाहन चलाना बेहद खतरनाक होने के साथ-साथ कानूनन अपराध भी है। उन्होंने कहा कि एक छोटी सी लापरवाही किसी परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन सकती है।
बिलासपुर पुलिस द्वारा ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। शराब पीकर वाहन चलाते पाए जाने पर वाहन जब्त करने के साथ वैधानिक और न्यायालयीन कार्रवाई की जाएगी।
शराब पीकर वाहन चलाने के खतरनाक परिणाम
- आपकी अपनी जान जा सकती है
- किसी निर्दोष व्यक्ति की जान खतरे में पड़ सकती है
- जेल, वाहन जब्ती और लंबी कानूनी प्रक्रिया का सामना करना पड़ सकता है
