बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर जिले के पचपेड़ी थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाली और दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां तंत्र-मंत्र के चक्कर में एक व्यक्ति ने खुद की जान ले ली। ग्राम जोंधरा निवासी 45 वर्षीय चंदन नट ने पूजा कक्ष में चाकू से अपना गला काट लिया।

शाम तक सब सामान्य, फिर अचानक खौफनाक मंजर
मंगलवार को रोज की तरह चंदन भीख मांगकर शाम करीब 6 बजे घर लौटा। घर आने के बाद वह अपने बड़े भाई के साथ बैठकर बीड़ी पीते हुए बातचीत करता रहा। कुछ देर बाद भाई के जाने के बाद वह घर के अंदर बने पूजा कक्ष में चला गया।
करीब 7 बजे उसकी बहू किसी काम से पूजा कक्ष की ओर गई, जहां उसने चंदन को खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा। यह मंजर देखकर वह चीख पड़ी। आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंचे।

अस्पताल ले गए, लेकिन बच नहीं पाई जान
परिजनों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई।

मौके पर पहुंची पुलिस, जांच जारी
सूचना मिलते ही पचपेड़ी पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया। रात होने के कारण शव को मौके पर ही सुरक्षित रखा गया और बुधवार सुबह जांच के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।

पहले भी कर चुका था खुद को नुकसान
इस मामले में मधुलिका सिंह एएसपी ग्रामीण का कहना है कि, चंदन तंत्र-मंत्र और पूजा-पाठ में काफी विश्वास रखता था। बताया जा रहा है कि वह रात में चाकू खरीदकर लाया था और उसी से यह खौफनाक कदम उठाया। इससे पहले भी करीब 4 महीने पहले उसने अपना हाथ काटकर आत्महत्या की कोशिश की थी।
सवाल खड़े करती घटना
यह घटना न सिर्फ अंधविश्वास के खतरनाक पहलू को उजागर करती है, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य और जागरूकता की जरूरत को भी सामने लाती है।

