
जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र में सोमवार को मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुई कहासुनी के दौरान रिटायर्ड सेना जवान ने लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग कर दी, जिससे एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के मुताबिक, विकास नगर निवासी शैलेंद्र साहू अपने साथियों के साथ एक किराना दुकान के पास पहुंचकर गाली-गलौज कर रहा था। दुकान संचालक हिमांशु श्रीवास ने इसका विरोध किया, जिसके बाद दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया।
विवाद के बीच ही हिमांशु के भाई और रिटायर्ड आर्मी जवान गुलशन श्रीवास ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकालकर पंकज कश्यप पर गोली चला दी। गोली पंकज की जांघ में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा।

घायल को बिलासपुर किया गया रेफर
घायल पंकज कश्यप को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पामगढ़ ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत फिलहाल स्थिर है।

आरोपी और भाई हिरासत में
घटना के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी गुलशन श्रीवास और उसके भाई हिमांशु श्रीवास को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि आरोपी गुलशन श्रीवास भारतीय सेना के सिग्नल कोर में हवलदार रह चुका है।
