Thursday, March 26, 2026
Homeअपराधगैस सिलेंडर लेने पहुंचे ग्राहक से बाउंसरों की जमकर मारपीट, धक्का-मुक्की में...

गैस सिलेंडर लेने पहुंचे ग्राहक से बाउंसरों की जमकर मारपीट, धक्का-मुक्की में कपड़े फाड़े, घसीटते ले गए, VIDEO वायरल…

भिलाई। छत्तीसगढ़ के भिलाई शहर के खुर्सीपार इलाके में स्थित शताक्षी गैस एजेंसी में उस वक्त हंगामा मच गया, जब गैस सिलेंडर लेने पहुंचे एक युवक के साथ बाउंसरों ने मारपीट कर दी। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।


बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह से ही गैस सिलेंडर लेने के लिए एजेंसी के बाहर लंबी कतार लगी हुई थी। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए एजेंसी प्रबंधन ने बाउंसर तैनात किए थे। इसी दौरान लाइन में खड़े एक युवक का बाउंसर से किसी बात को लेकर विवाद हो गया।


देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि बाउंसरों ने युवक के साथ धक्का-मुक्की करते हुए मारपीट शुरू कर दी। मौके पर मौजूद अन्य ग्राहकों ने जब इसका विरोध किया, तो उनके साथ भी बदसलूकी की गई, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही खुर्सीपार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया। हालांकि इस मामले में अब तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

वहीं, एजेंसी प्रबंधन इस पूरे मामले पर चुप्पी साधे हुए है और मीडिया से दूरी बनाए हुए है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि एजेंसी में अव्यवस्था आम बात है और ग्राहकों के साथ अक्सर अभद्र व्यवहार किया जाता है। लोगों ने प्रशासन से व्यवस्था सुधारने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

शहर में गैस एजेंसियों पर बढ़ती भीड़ और बाउंसरों की तैनाती को लेकर अब सवाल उठने लगे हैं। आम जनता का कहना है कि सिलेंडर के लिए घंटों लाइन में लगना पड़ता है, और ऊपर से इस तरह की घटनाएं लोगों की परेशानी और बढ़ा रही हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts