Homeअन्य खबरेस्मार्ट सिटी के पेड़ों पर विधानसभा में बहस, विधायक बोले- हटाइए, मंत्री...

स्मार्ट सिटी के पेड़ों पर विधानसभा में बहस, विधायक बोले- हटाइए, मंत्री ने कहा- नहीं हटेंगे…

बिलासपुर। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत बिलासपुर में लगाए गए कोनोकॉर्पस और छातिम (सप्तपर्णी) प्रजाति के पेड़ों को लेकर विधानसभा में बहस छिड़ गई। स्वास्थ्य संबंधी चिंताओं के बावजूद राज्य सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि फिलहाल इन पेड़ों को हटाने या इनके स्थान पर अन्य पौधे लगाने की कोई योजना नहीं है।

मानसून सत्र के दौरान भाजपा विधायक सुशांत शुक्ला ने प्रश्नकाल में स्मार्ट सिटी के तहत लगाए गए इन पौधों पर सवाल उठाते हुए कहा कि वैज्ञानिक शोधों में कोनोकॉर्पस और छातिम के पेड़ों से एलर्जी तथा अस्थमा जैसी समस्याएं बढ़ने की आशंका जताई गई है। उन्होंने सरकार से इन पौधों को हटाने और उनकी जगह स्थानीय प्रजातियों के पौधे लगाने की मांग की।

जवाब में नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री तथा उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बताया कि बिलासपुर वनमंडलाधिकारी (डीएफओ) से प्राप्त जानकारी के अनुसार कुछ शोधों में इन पेड़ों से एलर्जी की संभावना का उल्लेख जरूर किया गया है, लेकिन इन्हें लगाने का उद्देश्य शहर में तेजी से हरियाली बढ़ाना, सड़क किनारे धूल और प्रदूषण को नियंत्रित करना तथा कम रखरखाव में अधिक छाया उपलब्ध कराना था। इसलिए सरकार के पास फिलहाल इन्हें हटाने का कोई प्रस्ताव नहीं है।

स्मार्ट सिटी के बड़े प्रोजेक्ट अंतिम चरण में

सदन में स्मार्ट सिटी के विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई। मंत्री अरुण साव ने बताया कि बिलासपुर स्मार्ट सिटी के अधिकांश प्रोजेक्ट पूरे हो चुके हैं, जबकि करीब 118.33 करोड़ रुपये की लागत वाले छह प्रमुख कार्य अंतिम चरण में हैं।

पुराने बस स्टैंड में बन रही ऑटोमेटेड शटल कार पार्किंग का लगभग 85 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। वहीं कन्वेंशन सेंटर के लिए शासकीय भूमि आवंटन की प्रक्रिया जारी है। कोनी और मंगला क्षेत्र में वेस्ट वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट, सड़क और नाली निर्माण जैसे कार्य 80 से 95 प्रतिशत तक पूरे हो चुके हैं।

शहर में कहां-कहां लगाए गए हैं ये पौधे

सरकार की ओर से सदन में प्रस्तुत जानकारी के अनुसार बिलासपुर के छह प्रमुख मार्गों पर कुल 1,061 पौधे लगाए गए हैं। इनमें 1,023 कोनोकॉर्पस और 18 छातिम (सप्तपर्णी) के पौधे शामिल हैं। इनका रोपण स्मार्ट सिटी फंड, जनसहयोग और स्वयंसेवी संस्थाओं की मदद से किया गया।

इलाकावार पौधारोपण की स्थिति:

व्यापार विहार मार्ग – 500 पौधे

गौरव पथ (महाराणा चौक से मंगला चौक) – 374 पौधे

 पुराना बस स्टैंड से शिव टॉकीज चौक – 74 पौधे

 शहीद विनोद चौबे मार्ग (इमलीपारा) – 73 पौधे

 नेहरू चौक से मंगला चौक – 11 पौधे

 सत्यम चौक से राजेंद्र नगर चौक (गर्ल्स डिग्री कॉलेज मार्ग) – 11 पौधे

सरकार के इस जवाब से साफ हो गया है कि स्वास्थ्य संबंधी आशंकाओं के बावजूद स्मार्ट सिटी के तहत लगाए गए इन पेड़ों को फिलहाल नहीं हटाया जाएगा। हालांकि विधानसभा में उठे इस मुद्दे के बाद कोनोकॉर्पस और छातिम के पेड़ों को लेकर बहस और तेज होने की संभावना है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts