Homeअपराधबिलासपुर नगर निगम के सब इंजीनियर ने की आत्महत्या, सरकारी आवास में...

बिलासपुर नगर निगम के सब इंजीनियर ने की आत्महत्या, सरकारी आवास में फंदे पर लटका मिला शव; हाल ही में हुआ था तबादला, मौत से पहले छोड़ा ऐसा नोट जिसने बढ़ा दी जांच, कलाई काटने की भी आशंका..!!

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में नगर निगम के एक सब इंजीनियर की संदिग्ध परिस्थितियों में आत्महत्या का मामला सामने आया है। नगर निगम कॉलोनी स्थित सरकारी आवास में उनका शव फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें उन्होंने मानसिक तनाव में होने का जिक्र किया है, हालांकि आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं लिखी गई है।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान अमर सिंह चौहान के रूप में हुई है, जो नगर निगम के जोन-4 में सब इंजीनियर के पद पर पदस्थ थे। बुधवार सुबह जब काफी देर तक उनके कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों और आसपास के लोगों को संदेह हुआ। दरवाजा खोलने पर उनका शव कमरे के अंदर फंदे से लटका मिला। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

जांच के दौरान पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट मिला है। प्रारंभिक जांच में नोट में केवल मानसिक परेशानी का उल्लेख मिला है, लेकिन आत्महत्या के कारण का कोई स्पष्ट उल्लेख नहीं किया गया है। पुलिस ने नोट को जब्त कर उसकी लिखावट और अन्य पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।

शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि फांसी लगाने से पहले अमर सिंह चौहान ने अपनी कलाई काटने की कोशिश की थी। पुलिस इस पहलू को भी जांच में शामिल कर रही है ताकि घटनाक्रम की पूरी तस्वीर सामने आ सके।

जानकारी के मुताबिक, अमर सिंह चौहान का हाल ही में जगदलपुर तबादला हुआ था। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि स्थानांतरण, पारिवारिक परिस्थितियां या अन्य व्यक्तिगत कारण उनकी मानसिक परेशानी की वजह तो नहीं बने। फिलहाल किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

सिविल लाइन थाना प्रभारी किशोर केंवट ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, सुसाइड नोट की फॉरेंसिक जांच और परिजनों व परिचितों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts