Homeअपराधनकली नोटों का खेल बेनकाब, 12 लाख से ज्यादा की जाली करेंसी...

नकली नोटों का खेल बेनकाब, 12 लाख से ज्यादा की जाली करेंसी जब्त; प्रिंटर और कार समेत 3 आरोपी गिरफ्तार…

कबीरधाम। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में पुलिस ने नकली नोट छापने और उन्हें बाजार में खपाने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पोंडी पुलिस चौकी और साइबर टीम की संयुक्त कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में 500-500 रुपये के नकली नोट, कलर प्रिंटर, मोबाइल फोन और टाटा पंच ईवी कार बरामद की गई है।

मामले का खुलासा उस समय हुआ, जब ग्राम कमराखोल निवासी दिनेश कुमार यादव ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने अप्रैल 2026 में घुरवा राम को 3.75 लाख रुपये उधार दिए थे। रकम वापस मांगने पर उसे बताया गया कि पैसे सतीश कुमार के माध्यम से भेजे जा रहे हैं।

9 अगस्त की रात दिनेश अपने परिचित कैलाश चंद्रवंशी के साथ पोंडी शराब भट्टी के पास पहुंचा। वहां सतीश कुमार और उसके साथी ने काले रंग के बैग में रकम दी। जब दिनेश ने नोटों की जांच की तो शक हुआ। बैग खोलने पर 500 रुपये के करीब 4.50 लाख रुपये के नकली नोट मिले।

शिकायत मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू की और सतीश कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में नकली नोट तैयार करने के पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ। सतीश की निशानदेही पर पुलिस ने रामप्रसाद उर्फ रमऊ और घुरवा राम को भी गिरफ्तार कर लिया।

किराए के कमरे में छापते थे नकली नोट

जांच में सामने आया कि तीनों आरोपी जुलाई 2026 से मिलकर नकली नोट तैयार कर रहे थे। रामप्रसाद ने नए बस स्टैंड के पास किराए पर कमरा लिया था, जहां कलर प्रिंटर की मदद से 500 रुपये के नकली नोट तैयार किए जाते थे। पुलिस के मुताबिक, सतीश और रामप्रसाद नकली नोटों की डिलीवरी के लिए भी जाते थे। आरोपियों ने उधारी की रकम लौटाने के बहाने शिकायतकर्ता को नकली नोट थमा दिए थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने इससे पहले कितनी नकली करेंसी बाजार में खपाई है और इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं।

ये सामान हुआ बरामद

सतीश कुमार से 2 लाख रुपये के नकली नोट

रामप्रसाद उर्फ रमऊ से 4.50 लाख रुपये के नकली नोट

घुरवा राम से 1.50 लाख रुपये के नकली नोट

कलर प्रिंटर/फोटोकॉपी मशीन

मोबाइल फोन

टाटा पंच ईवी कार

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों से बरामद नकली नोटों की कुल कीमत 12 लाख रुपये से अधिक बताई गई है। मामले में आगे की पूछताछ जारी है।

गिरफ्तार आरोपी –

सतीश कुमार, पिता आधे राम, उम्र 33 वर्ष, निवासी मजगांव रोड, थाना कवर्धा।

रामप्रसाद उर्फ रमऊ, पिता ललित राम, उम्र 56 वर्ष, निवासी तालपुर, थाना सिटी कोतवाली कवर्धा।

घुरवा राम, पिता मोतीराम, निवासी कान्हाभैरा, थाना पिपरिया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts