
बिलासपुर। समाजसेवा के क्षेत्र में बिलासपुर के युवाओं ने एक बार फिर मानवता का संदेश दिया। टिकरापारा स्थित गुजराती समाज भवन में अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन की छत्तीसगढ़ इकाई की ओर से सर्व समाज रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में अलग-अलग समाजों के युवाओं और नागरिकों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों की मदद का संकल्प लिया।

शिविर में युवाओं का उत्साह देखते ही बना। बड़ी संख्या में युवा रक्तदान के लिए आगे आए। आयोजकों ने कहा कि रक्त का कोई विकल्प नहीं होता और समय पर उपलब्ध कराया गया रक्त किसी मरीज के लिए जीवनदायी साबित हो सकता है।

अमर अग्रवाल समेत कई अतिथि पहुंचे
शिविर में बिलासपुर विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री अमर अग्रवाल, बिलासपुर महापौर और समाजसेविका पूजा विधानी और अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष राम अवतार अग्रवाल शामिल हुए। अतिथियों ने रक्तदाताओं से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया और इस पहल की सराहना की।

सिर्फ रक्तदान नहीं, समाज को जोड़ने की कोशिश
आयोजकों के मुताबिक इस आयोजन का उद्देश्य केवल रक्त एकत्र करना नहीं था, बल्कि अलग-अलग समाजों को मानव सेवा के लिए एक मंच पर लाना भी था। शिविर के जरिए युवाओं को नियमित रक्तदान और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूक किया गया।

अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन छत्तीसगढ़ इकाई यूथ के सचिव दीपक अग्रवाल ने कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचा सकता है। उन्होंने युवाओं से आगे भी ऐसे सेवा कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
शिविर में रिशभ शर्मा, बाला ठाकुर सहित कई युवाओं और नागरिकों ने रक्तदान किया। आयोजकों ने शिविर को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी रक्तदाताओं और सहयोगियों का आभार जताया।
