Homeअपराधबिलासपुर में रेलवे साइट पर चौकीदार की हत्या, हथौड़े से सिर पर...

बिलासपुर में रेलवे साइट पर चौकीदार की हत्या, हथौड़े से सिर पर किया वार; CCTV खंगाल रही पुलिस…

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में रेलवे फाटक के पास गुरुवार को एक चौकीदार की हत्या से सनसनी फैल गई। तोरवा थाना क्षेत्र की आरपीएफ कॉलोनी के पास स्थित बजरंगी कंस्ट्रक्शन के रेलवे साइट ऑफिस में तैनात गार्ड नरेश गुप्ता का शव खून से लथपथ हालत में मिला। शुरुआती जांच में सामने आया है कि अज्ञात हमलावर ने उसके सिर पर हथौड़े जैसी भारी वस्तु से हमला किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि नरेश रेलवे स्टेशन के निर्माण कार्य से जुड़े सामान के गोदाम की निगरानी करता था। देर रात किसी अज्ञात व्यक्ति ने साइट पर पहुंचकर उस पर हमला किया और वारदात के बाद मौके से फरार हो गया।

सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस की टीमें

हत्या की सूचना मिलते ही तोरवा थाना पुलिस, GRP और RPF की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और हत्या से जुड़े साक्ष्य जुटाए। मामले की जांच के लिए FSL टीम और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया है।

CCTV फुटेज से आरोपी की तलाश

पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के जरिए वारदात के समय इलाके में आने-जाने वाले संदिग्धों की पहचान करने के साथ ही आरोपी के भागने के रास्ते का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

हत्या की वजह अभी रहस्य

फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस मृतक के परिचितों, साइट पर काम करने वाले कर्मचारियों और आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ कर रही है। पुरानी रंजिश समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के बाद ही हत्या की पूरी वजह सामने आ सकेगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts