Homeअन्य खबरेटोल बैरियर गिरा तो भड़का गुस्सा! मंत्री के PA ने कर्मचारी को...

टोल बैरियर गिरा तो भड़का गुस्सा! मंत्री के PA ने कर्मचारी को जड़े कई थप्पड़, CCTV फुटेज आया सामने…

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के लहपटरा टोल प्लाजा पर मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के काफिले के दौरान विवाद हो गया। टोल बैरियर का बूम मंत्री की फॉर्च्यूनर कार पर गिरने के बाद उनके PA ओम प्रकाश राजवाड़े ने टोल कर्मचारी से कथित तौर पर गाली-गलौज और मारपीट की। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें PA कर्मचारी को थप्पड़ मारते नजर आ रहे हैं।

घटना बुधवार रात करीब 12:30 बजे की बताई जा रही है। मंत्री का काफिला बिलासपुर से अंबिकापुर की ओर जा रहा था। काफिले में आगे चल रही इनोवा टोल बैरियर पार कर चुकी थी। इसके बाद मंत्री की फॉर्च्यूनर जैसे ही बैरियर से गुजरी, अचानक बूम नीचे गिर गया और गाड़ी के ऊपर जा लगा।

कर्मचारी से मारपीट का आरोप

बैरियर गिरने के बाद काफिला रुक गया। इसके बाद मंत्री के PA ओम प्रकाश राजवाड़े सुरक्षाकर्मियों के साथ टोल बूथ पर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने टोल कर्मचारी महेंद्र राजवाड़े से गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और कई थप्पड़ जड़ दिए। CCTV फुटेज में सुरक्षाकर्मी बीच-बचाव करते दिखाई दे रहे हैं।बताया गया कि महेंद्र लगातार माफी मांगता रहा, लेकिन विवाद बढ़ गया। वहीं, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े इस दौरान अपनी गाड़ी से बाहर नहीं निकलीं और वाहन के अंदर ही बैठी रहीं।

ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी

घटना के अगले दिन टोल कर्मचारी महेंद्र राजवाड़े ग्रामीणों और अन्य कर्मचारियों के साथ लखनपुर थाने पहुंचा और मारपीट की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने उसका मेडिकल परीक्षण भी कराया है।

ग्रामीणों का आरोप है कि मामले में पुलिस ने तत्काल FIR दर्ज नहीं की। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। अब CCTV फुटेज सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है और पुलिस की कार्रवाई पर सभी की नजर है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts