
गरियाबंद, 4 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में स्कूल में शिक्षक के कथित तौर पर शराब के नशे में पहुंचने का मामला सामने आया है। मामला मैनपुर ब्लॉक के ज्ञान ज्योति प्राथमिक शाला कामारपारा का है। यहां ग्रामीणों ने एक शिक्षक पर शराब पीकर बच्चों को पढ़ाने का आरोप लगाया है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

ग्रामीणों के मुताबिक, स्कूल में शिक्षक सतीश कुमार दुबे कथित तौर पर नशे की हालत में मिले। वीडियो में शिक्षक लड़खड़ाते नजर आ रहे हैं और ठीक से बात करने में भी परेशानी होती दिख रही है। वहीं, क्लास रूम में एक कोल्डड्रिंक की बोतल में महुआ शराब रखे होने की बात भी सामने आई है। हालांकि, शिक्षक ने स्कूल में शराब लेकर आने के आरोप से इनकार किया है। उनका कहना है कि उन्होंने शराब लेकर स्कूल आने की बात गलत है।

24 बच्चों पर दो शिक्षक, ग्रामीणों में नाराजगी
ज्ञान ज्योति प्राथमिक शाला में कुल 24 बच्चे पढ़ते हैं और दो शिक्षकों की पदस्थापना है। शिक्षक के कथित नशे में स्कूल पहुंचने की घटना से बच्चों के अभिभावकों और ग्रामीणों में नाराजगी है। उनका कहना है कि स्कूल में इस तरह की लापरवाही बच्चों की पढ़ाई और माहौल दोनों को प्रभावित कर सकती है।
MDM को लेकर भी शिकायत
ग्रामीणों ने स्कूल में मिलने वाले मध्याह्न भोजन (MDM) की गुणवत्ता और मेन्यू पर भी सवाल उठाए हैं। आरोप है कि बच्चों को निर्धारित साप्ताहिक मेन्यू के अनुसार भोजन नहीं दिया जा रहा है। ग्रामीणों का दावा है कि लंबे समय से बच्चों को सिर्फ दाल-चावल परोसा जा रहा है।

BEO ने जारी किया शो-कॉज नोटिस
मामला सामने आने के बाद मैनपुर के BEO देवनाथ बघेलbने शिक्षक को शो-कॉज नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। साथ ही विभागीय जांच के लिए टीम गठित की गई है।
BEO ने कहा कि जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल शिक्षक पर लगे आरोपों की विभागीय जांच जारी है।
