
कोरबा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी और गणेश चतुर्थी को लेकर कोरबा पुलिस ने असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। जिलेभर में पुलिस ने करीब 200 आदतन अपराधियों, निगरानी बदमाशों और पूर्व में विवादों में शामिल रहे लोगों की परेड कराई

इस दौरान एसपी कार्यालय में करीब 50 लोगों को बुलाया गया। यहां अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बदमाशों को सख्त लहजे में चेतावनी दी कि त्योहार के दौरान किसी भी तरह का नशा, हुड़दंग, विवाद या आपराधिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

ASP ने साफ कहा कि त्योहार की आड़ में कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश की तो पुलिस सीधे कड़ी कार्रवाई करेगी। उन्होंने सभी को अपने व्यवहार में सुधार लाने और कानून के दायरे में रहकर पर्व मनाने की हिदायत दी।
थाने-चौकियों में भी हुई पूछताछ
पुलिस के विशेष अभियान के तहत जिले के अलग-अलग थाना और चौकी क्षेत्रों में ऐसे लोगों को बुलाया गया, जिनका पहले विवाद, हुड़दंग या आपराधिक गतिविधियों से संबंध रहा है। पुलिस ने उनकी मौजूदा गतिविधियों की जानकारी लेने के साथ उन्हें स्पष्ट समझाइश दी। पुलिस ने थाना और चौकी प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि त्योहारों के दौरान ऐसे लोगों पर विशेष नजर रखी जाए और जरूरत पड़ने पर पहले से ही प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जाए।

सोशल मीडिया और मैदान, दोनों पर नजर
जन्माष्टमी और गणेश चतुर्थी के दौरान पुलिस की निगरानी बढ़ाई जाएगी। किसी भी तरह के विवाद, नशाखोरी, हुड़दंग या शांति भंग करने की कोशिश पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
कोरबा पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार मनाएं और किसी संदिग्ध या अप्रिय गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
