
बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में नेशनल हाईवे-30 पर शुक्रवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मरकाटोला घाट के पास सड़क किनारे खड़े डीजे/धुमाल वाहन को गेहूं से लदे 16 चक्का ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि डीजे वाहन के परखच्चे उड़ गए और ट्रक भी पलट गया। हादसे में 6 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं।

बताया जा रहा है कि डीजे वाहन में युवक सवार थे। शुक्रवार सुबह करीब 11:20 से 11:30 बजे के बीच वाहन खराब होने के कारण सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान रायपुर की ओर से आ रहे गेहूं से भरे ट्रक ने उसे पीछे से टक्कर मार दी। हादसे के बाद गेहूं की बोरियां सड़क पर बिखर गईं और मौके पर चीख-पुकार मच गई।

घटना पुरूर थाना क्षेत्र से जुड़ी है। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। हादसे के कारण कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित हुआ। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने की कार्रवाई शुरू की।
पुलिस के मुताबिक, हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया है। उसकी तलाश की जा रही है। हादसे की वास्तविक वजह और वाहन की स्थिति को लेकर पुलिस जांच कर रही है।
मृतकों में कवर्धा और मुंगेली के युवक
हादसे में जान गंवाने वालों में कोमल साहू (20), अनीश पात्रे (22), दीपक कुम्हार (17), राजा सावरा (27), कृष्णा चौहान (18) और सुंदर लाल साहू (29) के नाम सामने आए हैं। सभी अलग-अलग इलाकों के रहने वाले बताए गए हैं।

CM साय और डिप्टी CM विजय शर्मा ने जताया दुख
मरकाटोला घाट हादसे पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शोक जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने घायलों के समुचित इलाज के लिए अधिकारियों को निर्देश देने की बात कही।
वहीं उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भी हादसे में कवर्धा के लोगों की मौत पर दुख जताया और घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
