
बिलासपुर। बिलासपुर में रास गरबा के प्रमोशन के लिए बनाई गई एक सोशल मीडिया रील को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। वायरल वीडियो में गरबा परिधान में युवतियां नजर आ रही हैं। आरोप है कि वीडियो में एक युवती धूम्रपान करते हुए दिखाई दे रही है, जबकि दूसरी युवती हाथ में पिस्टल लहराती नजर आ रही है। वीडियो सामने आने के बाद हिंदू संगठनों ने धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप लगाते हुए एसएसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है।

गरबा प्रमोशन की रील पर विवाद, धुएं के छल्ले और पिस्टल लहराती युवती का वीडियो वायरल
बिलासपुर। रास गरबा आयोजन के प्रचार-प्रसार के लिए बनाई गई एक रील अब विवादों में घिर गई है। रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे पर शूट किए गए बताए जा रहे इस वीडियो में गरबा परिधान पहने युवतियां अलग-अलग अंदाज में नजर आ रही हैं। वीडियो के कुछ हिस्सों को लेकर सोशल मीडिया पर आपत्ति जताई जा रही है।
वायरल रील में एक युवती धूम्रपान करते हुए धुएं के छल्ले उड़ाती दिखाई दे रही है। वहीं, दूसरी युवती हाथ में पिस्टल जैसी दिखाई देने वाली वस्तु लहराती नजर आ रही है। वीडियो सामने आने के बाद हिंदू संगठनों ने इसे गरबा और हिंदू त्योहार की छवि से जोड़ते हुए आपत्ति जताई है।
SSP कार्यालय पहुंचा हिंदू संगठन
मामला सामने आने के बाद हिंदू संगठन से जुड़े लोग एसएसपी कार्यालय पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि वीडियो शिफा मैथ्यूज नाम के सोशल मीडिया अकाउंट से पोस्ट किया गया है। संगठन ने वीडियो बनाने, पोस्ट करने और उसे शेयर करने वालों की पहचान कर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि इस तरह की रील के जरिए गरबा जैसे धार्मिक आयोजन की छवि को खराब करने का प्रयास किया गया। हालांकि, वीडियो के पीछे की पूरी वास्तविकता और इसमें शामिल लोगों की भूमिका अभी पुलिस जांच का विषय है।

पिस्टल असली या नकली? पुलिस कर रही जांच
वायरल वीडियो को लेकर पुलिस ने भी जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगा रही है कि वीडियो कब और कहां शूट किया गया और इसमें नजर आ रहे लोगों की पहचान क्या है। साथ ही युवती के हाथ में दिखाई दे रही पिस्टल असली हथियार है या नकली/प्रॉप, इसकी भी जांच की जा रही है।
एसएसपी रजनेश सिंह ने मामले को संज्ञान में लेते हुए संबंधित पुलिस अधिकारियों को जांच और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। अब पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि वायरल वीडियो की सच्चाई क्या है और इसमें कानून का उल्लंघन हुआ है या नहीं।
