
सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में सुरक्षा बलों को IED निष्क्रिय करना भारी पड़ गया। एलाड़मड़गु कैंप के पास सर्चिंग के दौरान मिले IED को डिफ्यूज करने की कार्रवाई के दौरान अचानक जोरदार धमाका हो गया। ब्लास्ट की चपेट में आने से CRPF के 4 जवान घायल हो गए। इनमें दो जवानों को गंभीर चोटें आई हैं।

जानकारी के मुताबिक, सुरक्षा बलों की टीम एलाड़मड़गु कैंप के आसपास इलाके में सर्चिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान जवानों को IED मिला। बम निरोधक टीम ने IED को निष्क्रिय करने की कार्रवाई शुरू की, लेकिन डिफ्यूज करने के दौरान अचानक विस्फोट हो गया।

धमाके के बाद घायल जवानों को तत्काल कोंटा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को बेहतर इलाज के लिए तेलंगाना के भद्राचलम स्थित हायर सेंटर रेफर किया गया है। घायलों में CRPF की 50वीं वाहिनी के जवानों के साथ ATT टीम के सदस्य भी शामिल हैं।

घायल जवानों की स्थिति:
– ASI एम.के. तिवारी — ATT टीम, गंभीर चोट
– ASI अनीश खान — CRPF 50वीं वाहिनी, गंभीर चोट
– निरीक्षक अमरनाथ मिश्रा — ATT टीम, सामान्य चोट
– प्र.आर. कुलदीप राज — CRPF 50वीं वाहिनी, सामान्य चोट
घटना के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके में सतर्कता बढ़ा दी है। आसपास के क्षेत्र में सघन सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है। फिलहाल सुरक्षा बल पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटे हैं।
