Homeअपराधडबल मर्डर! मां-बेटे की हत्या, बेटी पर भी जानलेवा हमला, गांव में...

डबल मर्डर! मां-बेटे की हत्या, बेटी पर भी जानलेवा हमला, गांव में दहशत…

राजनांदगांव, 10 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में एक ही परिवार के दो सदस्यों की हत्या से हड़कंप मच गया है। डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र के चौथना गांव में घर के भीतर मां और बेटे की हत्या कर दी गई, जबकि बेटी गंभीर रूप से घायल मिली। उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोंगरगढ़ में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

घर में घुसकर हमला, मां-बेटे की मौत

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मृत महिला की पहचान कमला सोनकर के रूप में हुई है। हमले में उनके बेटे की भी जान चली गई, जबकि बेटी ममता सोनकर गंभीर रूप से घायल है। अस्पताल में उसका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि वारदात के समय कमला सोनकर के पति किसी काम से घर से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान घर में हमला हुआ। घटना की जानकारी सामने आते ही गांव में हड़कंप मच गया।

पारिवारिक रंजिश का शक, रिश्तेदार पर संदेह

इस दोहरे हत्याकांड के पीछे पारिवारिक विवाद या पुरानी रंजिश होने की आशंका जताई जा रही है। शुरुआती जानकारी में परिवार के एक रिश्तेदार पर भी संदेह की बात सामने आई है। हालांकि, पुलिस ने अब तक हत्या के कारण और संदिग्ध की भूमिका की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। वारदात किसने और क्यों की, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।

दो मौतों से गांव में दहशत, कई सवाल बरकरार

एक ही घर में मां-बेटे की हत्या और बेटी पर जानलेवा हमले की घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। हमले के पीछे असली वजह क्या है? क्या यह पारिवारिक विवाद का नतीजा है या इसके पीछे कोई दूसरी साजिश है? फिलहाल इन सवालों के जवाब सामने नहीं आए हैं।

पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो पाएगी। वहीं, गंभीर रूप से घायल ममता सोनकर की हालत पर भी सबकी निगाहें टिकी हुई हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts