
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में वैवाहिक रिश्ते को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। पत्नी की शिकायत है कि पति तलाक लेना चाहता था और गर्भ में पल रहा बच्चा उसके रास्ते में बाधा बन सकता था। इसी आशंका के चलते पति ने कथित तौर पर डॉक्टर से मिलीभगत कर तीन महीने की गर्भवती पत्नी का उसकी सहमति के बिना गर्भपात करा दिया। मामले में सिरगिट्टी पुलिस ने पति सुयश अग्रवाल और जेपी हॉस्पिटल की संचालक डॉ. उज्ज्वला कराडे के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शादी के बाद से ही तलाक की बात करता था पति
पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, कोरबा निवासी सुयश अग्रवाल की शादी 26 अप्रैल 2026 को सरसीवा निवासी आकांक्षा अग्रवाल से हुई थी। आकांक्षा का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति उसे पसंद नहीं करता था और आए दिन विवाद कर तलाक लेने की बात कहता था। इसी बीच आकांक्षा गर्भवती हो गई। आरोप है कि पति को लगा कि बच्चे के जन्म के बाद तलाक की प्रक्रिया में परेशानी आ सकती है। इसके बाद उसने गर्भपात कराने की योजना बनाई।

अपोलो में नहीं बनी बात, फिर जांच के बहाने अस्पताल ले गया
पीड़िता के अनुसार, पति ने सबसे पहले उसे अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया था, लेकिन वहां गर्भपात नहीं हुआ। इसके बाद 13 नवंबर को रूटीन जांच कराने की बात कहकर वह उसे सिरगिट्टी के गणेश नगर स्थित जेपी हॉस्पिटल ले गया। आकांक्षा का आरोप है कि अस्पताल में भर्ती करने के बाद उसे बेहोशी का इंजेक्शन दिया गया। इस दौरान कुछ दस्तावेजों पर हस्ताक्षर भी कराए गए और उसकी जानकारी व सहमति के बिना गर्भपात कर दिया गया।

होश आया तो बच्चे की हार्टबीट कम होने की दी जानकारी
आकांक्षा ने आरोप लगाया कि होश में आने के बाद पति ने उसे बताया कि बच्चे की हार्टबीट कम हो गई थी। बाद में घटना की जानकारी मिलने पर वह मानसिक रूप से आहत हुई। 14 नवंबर को वह अपनी मां संजू अग्रवाल, भाई अमन और मयंक तथा भाभी रेनू के साथ सिरगिट्टी थाने पहुंची और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई।
पति और डॉक्टर के खिलाफ केस, अस्पताल के रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस
शिकायत के आधार पर सिरगिट्टी पुलिस ने पति सुयश अग्रवाल और जेपी हॉस्पिटल की संचालक डॉ. उज्ज्वला कराडे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 89 और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस अब अपोलो अस्पताल में हुए इलाज और जेपी हॉस्पिटल के मेडिकल रिकॉर्ड, सहमति पत्र तथा अन्य दस्तावेजों की जांच कर रही है। फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
