Homeअपराधमां के साथ मारपीट देख भड़का बेटा, टांगी से मामा पर किया...

मां के साथ मारपीट देख भड़का बेटा, टांगी से मामा पर किया हमला; मौके पर मौत, आरोपी फरार

AI जेनरेटेड
AI जेनरेटेड

सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मां के साथ हो रही मारपीट देखकर एक 21 वर्षीय युवक इस कदर आक्रोशित हो गया कि उसने अपने ही सगे मामा पर टांगी से हमला कर दिया। हमले में मामा की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी युवक घटनास्थल से फरार हो गया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

घटना धौरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम रवई बीजापारा की है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, विवाद की शुरुआत धान की फसल की रखवाली को लेकर हुई थी। मृतक जम्हीर राम ने अपने खेत में धान की फसल लगाई थी। फसल की देखरेख और कटाई-मिंजाई की जिम्मेदारी उसने अपनी बहन बयालो बाई सहित कुछ अन्य लोगों को दी थी।

ई-केवाईसी के कारण नहीं लौट सके थे गांव

बताया जा रहा है कि 18 नवंबर को जम्हीर राम किसी मामले में पेशी के सिलसिले में अंबिकापुर गया था। इसी दौरान उसकी बहन बयालो बाई अपने बेटे छन्दना कोरवा उर्फ छन्ना और गांव की कुछ महिलाओं के साथ आधार कार्ड और राशन कार्ड का ई-केवाईसी कराने ग्राम पंचायत डुमरडीह पहुंची थी। काम पूरा नहीं होने के कारण सभी लोग वापस अपनी बस्ती नहीं जा सके और रवई बीजापारा में मंगल राम कोरवा के घर रुक गए।

बहन पर हमला करने से बिगड़ी बात

शाम को अंबिकापुर से लौटने के बाद जम्हीर राम को खेत में धान की फसल की रखवाली नहीं होने की जानकारी मिली। इससे नाराज होकर वह सीधे मंगल राम कोरवा के घर पहुंचा और वहां मौजूद लोगों से घर नहीं लौटने का कारण पूछने लगा। इस दौरान बयालो बाई और अन्य लोगों ने ई-केवाईसी का काम पूरा नहीं होने की बात बताई। आरोप है कि इस बात पर जम्हीर राम ने गुस्से में अपनी बहन बयालो बाई के माथे पर लोहे के कड़े से वार कर दिया। मां को घायल देखकर उसका बेटा छन्दना आक्रोशित हो गया। इसके बाद उसने घर में रखी टांगी से अपने मामा पर हमला कर दिया। हमले में जम्हीर राम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद फरार हुआ आरोपी, पुलिस की तलाश जारी

घटना के बाद आरोपी छन्दना टांगी को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर अगले दिन धौरपुर पुलिस घटनास्थल पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज कर लिया है।

धौरपुर थाना प्रभारी सीआर चंद्रा के मुताबिक, शुरुआती जांच में मां के साथ मारपीट से नाराज होकर युवक द्वारा हत्या किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts