
भिलाई। AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) से अपनी तस्वीरों को नया लुक देने का ट्रेंड अब साइबर अपराधियों के लिए ठगी का हथियार बनता जा रहा है। सोशल मीडिया पर सामान्य तस्वीरें अपलोड करने वाले लोग साइबर ठगों के निशाने पर हैं। अपराधी इंटरनेट मीडिया से तस्वीरें डाउनलोड कर AI की मदद से उनमें अश्लील और आपत्तिजनक बदलाव कर रहे हैं। इसके बाद एडिट की गई तस्वीरें वायरल करने की धमकी देकर लोगों से मोटी रकम मांगी जा रही है।

भिलाई-दुर्ग में पिछले आठ महीनों के दौरान इस तरह की ब्लैकमेलिंग के 12 मामले सामने आ चुके हैं। आंकड़ों के मुताबिक, जामुल थाना क्षेत्र में सबसे अधिक तीन शिकायतें दर्ज हुई हैं। सुपेला में दो, जबकि उतई और मोहन नगर थाना क्षेत्र में एक-एक मामला सामने आया है। इसके अलावा अन्य थाना क्षेत्रों से भी इस तरह की शिकायतें मिली हैं।

सोशल मीडिया से फोटो निकालकर बनाया ब्लैकमेलिंग का हथियार
इस तरह के साइबर अपराध में ठग पहले सोशल मीडिया पर सार्वजनिक रूप से उपलब्ध तस्वीरों को निशाना बनाते हैं। इसके बाद AI टूल्स के जरिए तस्वीरों में छेड़छाड़ कर आपत्तिजनक फोटो तैयार की जाती हैं। फिर इन्हें परिवार, दोस्तों और परिचितों तक पहुंचाने या इंटरनेट पर वायरल करने की धमकी देकर पैसों की मांग की जाती है।

युवती से मांगे पांच लाख रुपये
छावनी थाना क्षेत्र में जुलाई महीने में ऐसा ही एक मामला सामने आया था। आरोपित ने एक युवती की सोशल मीडिया प्रोफाइल से उसकी तस्वीर निकाली और AI की मदद से उसमें आपत्तिजनक बदलाव कर दिए। इसके बाद तस्वीर वायरल करने की धमकी देकर पांच लाख रुपये की मांग की गई। परेशान युवती ने 24 जुलाई को छावनी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
AI फोटो ब्लैकमेलिंग से बचने के लिए क्या करें?
साइबर अपराध से बचने के लिए सोशल मीडिया पर सतर्कता बरतना जरूरी है।
– अपनी निजी तस्वीरों और वीडियो को सार्वजनिक रूप से साझा करने से बचें।
– सोशल मीडिया प्रोफाइल को प्राइवेट या लॉक रखें।
– अनजान लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार करने से पहले उनकी प्रोफाइल जांचें।
– निजी फोटो और वीडियो किसी अनजान व्यक्ति को न भेजें।
– AI से एडिट की गई तस्वीरों के जरिए कोई ब्लैकमेल करे तो घबराकर पैसे न दें।
– ब्लैकमेलिंग से जुड़े चैट, मोबाइल नंबर और स्क्रीनशॉट सुरक्षित रखें।
– तत्काल पुलिस या साइबर क्राइम सेल में शिकायत दर्ज कराएं।
सावधानी जरूरी: AI तकनीक जहां रचनात्मकता के नए रास्ते खोल रही है, वहीं इसका गलत इस्तेमाल लोगों की निजता और सुरक्षा के लिए चुनौती बन रहा है। ऐसे में सोशल मीडिया पर एक तस्वीर साझा करने से पहले उसकी गोपनीयता और संभावित दुरुपयोग को समझना बेहद जरूरी है।
