Homeअपराधमहादेव सट्टा केस में ED का बड़ा एक्शन, वकील हिमांशु शेखर गिरफ्तार;...

महादेव सट्टा केस में ED का बड़ा एक्शन, वकील हिमांशु शेखर गिरफ्तार; सौरभ चंद्राकर से जुड़े 15 करोड़ के लेनदेन का आरोप…

महादेव एप केस में करोड़ों का नया कनेक्शन, वकील गिरफ्तार
महादेव एप केस में करोड़ों का नया कनेक्शन, वकील गिरफ्तार

रायपुर। छत्तीसगढ़ के चर्चित महादेव ऑनलाइन सट्टा एप मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। जांच एजेंसी ने वकील हिमांशु शेखर उर्फ मोहित को गिरफ्तार किया है। उस पर महादेव सट्टा एप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से केस को रफा-दफा कराने के नाम पर करीब 15 करोड़ रुपये लेने का आरोप है। बताया जा रहा है कि सौरभ चंद्राकर से पूछताछ में इस कथित लेनदेन का खुलासा हुआ, जिसके बाद ED ने हिमांशु शेखर पर शिकंजा कस दिया।

सौरभ चंद्राकर के बयान से खुला नाम

जानकारी के मुताबिक, ED ने 13 नवंबर को सौरभ चंद्राकर को कस्टोडियल रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू की थी। 19 नवंबर तक चली पूछताछ में उसने हिमांशु शेखर को कथित तौर पर 15 करोड़ रुपये देने की बात बताई। आरोप है कि यह रकम मामले को निपटवाने और जांच की कार्रवाई से राहत दिलाने के नाम पर दी गई थी।

तीन साल में कई बार दुबई में मुलाकात

जांच के दौरान हिमांशु शेखर की दुबई यात्राओं से जुड़ी जानकारी भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि पिछले तीन वर्षों में वह कई बार दुबई गया था, जहां उसकी मुलाकात सौरभ चंद्राकर से हुई थी। ED को संदेह है कि इन मुलाकातों के दौरान ही कथित तौर पर करोड़ों रुपये के लेनदेन को लेकर बातचीत और सौदेबाजी हुई।

दुबई जाने की तैयारी में था, मुंबई एयरपोर्ट पर पकड़ा गया

ED को आशंका थी कि हिमांशु शेखर देश छोड़कर दुबई जा सकता है। इसी वजह से उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया था। बताया जा रहा है कि दुबई रवाना होने की तैयारी के दौरान मुंबई एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन जांच में उसकी पहचान हुई। इसके बाद ED ने उसे हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।

रायपुर की विशेष अदालत में होगी पेशी

गिरफ्तारी के बाद ED की टीम उसे रायपुर ला रही है। यहां विशेष अदालत में पेश कर जांच एजेंसी उसकी रिमांड मांग सकती है। ED अब यह पता लगाने में जुटी है कि कथित 15 करोड़ रुपये का लेनदेन किन माध्यमों से हुआ, रकम कहां से आई और इस पूरे मामले में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।

महादेव ऑनलाइन सट्टा मामले में यह कार्रवाई जांच के लिहाज से अहम मानी जा रही है। सौरभ चंद्राकर के पूछताछ में दिए गए कथित खुलासों के बाद अब ED की जांच उन लोगों तक पहुंच सकती है, जिन पर मामले को प्रभावित करने के लिए आर्थिक लेनदेन करने का संदेह है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts