Homeअपराधसाइबर ठगी के लिए बैंक खाते किराए पर देने वाले 8 लोग...

साइबर ठगी के लिए बैंक खाते किराए पर देने वाले 8 लोग पुलिस के शिकंजे में, 15 हजार तक लेते थे कमीशन, बैंकिंग दस्तावेज और मोबाइल जब्त…

भिलाई। साइबर ठगी के पैसों को इधर से उधर पहुंचाने के लिए बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले आठ लोगों के खिलाफ दुर्ग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ये लोग चंद हजार रुपये के कमीशन के लालच में अपने और दूसरों के बैंक खाते साइबर अपराधियों को उपलब्ध करा रहे थे। इसके बदले उन्हें 5 हजार से 15 हजार रुपये तक मिलते थे। पुलिस जांच में इन खातों के जरिए लाखों रुपये से अधिक के संदिग्ध लेन-देन का खुलासा हुआ है।

दरअसल, पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर साइबर अपराध और म्यूल बैंक खातों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना नेवई, छावनी और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आठ खाताधारकों की भूमिका उजागर की। जांच में नेवई क्षेत्र के इंडसइंड बैंक से जुड़े छह और छावनी क्षेत्र के आईसीआईसीआई बैंक से जुड़े दो खातों का इस्तेमाल संदिग्ध लेन-देन में होने की जानकारी मिली।

कमीशन के लालच में सौंप देते थे बैंकिंग दस्तावेज

पुलिस के मुताबिक, आरोपी एजेंटों के माध्यम से बैंक खाताधारकों से संपर्क करते थे। इसके बाद कमीशन का लालच देकर बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक और मोबाइल सिम हासिल कर लेते थे। इनका इस्तेमाल साइबर ठगी से हासिल रकम को जमा करने और अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर करने के लिए किया जाता था, ताकि पैसों के वास्तविक स्रोत को छिपाया जा सके।

इन आठ लोगों के खिलाफ हुई कार्रवाई

पुलिस कार्रवाई की जद में टोमन डहरे (44), निवासी स्टेशन मरोदा नेवई; अभय मिश्रा (28), बाबादीप सिंह नगर; हरीशंकर सारथी (28), चंडी मंदिर कुआ चौक के पास दुर्ग; चेतन मांझी (32), अंबेडकर आवास जोरातराई उतई; देवराज साहू (25), बोरसी; बिसेक शर्मा (31), न्यू खुर्सीपार; अखिलेश सिंह (32), फौजी नगर जामुल और अक्षय सक्सेना (28), मीनाक्षी नगर बोरसी दुर्ग शामिल हैं।

बैंकिंग दस्तावेज और मोबाइल जब्त

पुलिस ने आरोपियों से जुड़े बैंकिंग दस्तावेज, मोबाइल फोन, सिम कार्ड और अन्य सामग्री जब्त की है। फिलहाल बैंकिंग रिकॉर्ड और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की आगे जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इन खातों के जरिए कितनी रकम का लेन-देन हुआ और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts