
बिलासपुर। शुभम विहार स्थित सागा लेआउट के ओंकारेश्वर महादेव मंदिर परिसर में 19 अगस्त 2026 को तुलसी साहित्य विमर्श, आध्यात्मिक कवि सम्मेलन, भजन संगीत एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में साहित्य, अध्यात्म, संगीत और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े अनेक गणमान्य अतिथि एवं साहित्यकार शामिल हुए।

कार्यक्रम के संरक्षक डॉ. विनय कुमार पाठक, अध्यक्ष डॉ. रमेश चन्द्र श्रीवास्तव, संयोजक विष्णु कुमार तिवारी और सह-संयोजक दीपक दुबे ‘सागर’ रहे। कार्यक्रम की शुरुआत पूजा-अर्चना और अतिथियों के स्वागत के साथ हुई। मुख्य अतिथि पद्मश्री रामलाल बरेठ रहे। वहीं न्यायमूर्ति डॉ. चन्द्रभूषण वाजपेयी, डॉ. विनय कुमार पाठक, डॉ. रमेश चन्द्र श्रीवास्तव सहित कई विशिष्ट अतिथियों की मौजूदगी रही।

प्रथम सत्र में मयूरी खण्डेलवाल सहित विभिन्न भजन मंडलियों ने भक्ति गीतों और भजनों की प्रस्तुतियां दीं। इसके बाद दूसरे सत्र में आध्यात्मिक कवि सम्मेलन आयोजित हुआ, जिसमें बिलासपुर सहित मुंगेली, बेमेतरा, बलौदाबाजार, कोटा और अन्य क्षेत्रों से पहुंचे कवि-कवयित्रियों ने काव्य पाठ किया।

कार्यक्रम के तीसरे सत्र में राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान और छत्तीसगढ़ राज्यगीत की प्रस्तुति के साथ पुस्तक विमोचन किया गया। इसके साथ ही डी.लिट. उपाधि धारक विद्वानों, प्रतिभाओं और पत्रकारों का सम्मान किया गया। मानस विमर्श गोष्ठी में तुलसी साहित्य और मानस के विभिन्न पहलुओं पर वक्ताओं ने विचार रखे।
आयोजन में पत्रकारिता के क्षेत्र में योगदान देने वाले पत्रकारों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन, शांति पाठ और प्रसाद वितरण के साथ हुआ। आयोजन में साहित्य और संस्कृति से जुड़े बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।
