
रायपुर। सांसद संजय सिंह के ‘छत्तीसगढ़ सरकार के हाईजैक’ वाले बयान के बाद प्रदेश की सियासत में बयानबाजी तेज हो गई है। इसी कड़ी में कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव ने भाजपा सरकार पर कई मुद्दों को लेकर निशाना साधा।

अटल श्रीवास्तव ने आरोप लगाया कि प्रदेश में नीतियां तो बनाई जाती हैं, लेकिन उनका सही तरीके से क्रियान्वयन नहीं हो रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि उद्योगपतियों के हिसाब से विधायकों के पास प्रस्ताव लाए जा रहे हैं।

अटल की प्रतिमा को लेकर भी सरकार पर हमला
विधायक ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा से जुड़े विवाद को लेकर भी भाजपा पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जिस नेता ने छत्तीसगढ़ के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, भाजपा अब अपने ही पितृपुरुष का सम्मान नहीं कर पा रही है।
बस्तर के विकास और खनन पर बड़ा बयान
बस्तर में तिरंगा यात्रा को लेकर अटल श्रीवास्तव ने कहा कि वहां पहले से ही तिरंगा फहराया जाता रहा है। उन्होंने कहा कि बस्तर में अब सिर्फ राजनीतिक प्रचार नहीं, बल्कि स्कूल, अस्पताल और मूलभूत सुविधाओं के विकास पर ध्यान देने की जरूरत है।
उन्होंने बस्तर में अगले 20 वर्षों तक खनन पर रोक लगाने की मांग का समर्थन करने की बात भी कही। विधायक के मुताबिक, यदि इस संबंध में कोई प्रस्ताव आता है तो वे उसका समर्थन करेंगे।
