Homeअन्य खबरेआवारा सांडों का आतंक, सब्जी खरीद रही 62 साल की महिला को...

आवारा सांडों का आतंक, सब्जी खरीद रही 62 साल की महिला को मारी टक्कर; 8 महीने पहले रीढ़ की हुआ था सर्जरी CCTV में कैद हुआ हादसा…

रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायपुर शहर की सड़कों पर घूम रहे आवारा मवेशी अब लोगों के लिए मुसीबत बनते जा रहे हैं. आमानाका-कुकरबेड़ा इलाके में शुक्रवार सुबह तीन सांडों की लड़ाई के बीच 62 वर्षीय महिला घायल हो गईं. महिला घर के बाहर ठेले से सब्जी खरीद रही थीं, तभी बेकाबू सांडों ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हुई है.

जानकारी के मुताबिक, बरखा मोगरे सुबह करीब साढ़े 8 बजे घर के बाहर सब्जी खरीदने पहुंची थीं. इसी दौरान पास में तीन सांड आपस में भिड़ गए. लड़ते-लड़ते सांड सब्जी के ठेले से जा टकराए और महिला भी उनकी चपेट में आ गईं. तेज टक्कर से बरखा सड़क पर गिर पड़ीं.

हादसे के बाद भी सांडों की लड़ाई नहीं रुकी. तीनों सांड लड़ते हुए महिला के घर के अंदर तक पहुंच गए. घटना में बरखा के कंधे पर गंभीर चोट आई है. बताया जा रहा है कि करीब 8 महीने पहले ही उनकी रीढ़ की हड्डी की सर्जरी हुई थी और वह अभी रिकवरी कर रही थीं.

महिला के बेटे जयंत मोगरे ने बताया कि हादसे के बाद उनकी मां काफी डरी हुई हैं. उनके कंधे के अलावा अंदरूनी चोट भी आई है. परिवार ने सड़कों पर खुले घूम रहे आवारा सांडों को लेकर नगर निगम से कार्रवाई की मांग की है.

स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुकरबेड़ा-बोहरा मस्जिद इलाके में लंबे समय से आवारा मवेशियों का जमावड़ा लगा रहता है. शिकायतों के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी है. स्थानीय निवासी किशन लाला का कहना है कि सांडों की लड़ाई के दौरान राहगीरों के घायल होने का खतरा लगातार बना रहता है.

सवाल यह है कि नगर निगम इन आवारा मवेशियों पर कब कार्रवाई करेगा? क्या किसी बड़े हादसे के बाद ही प्रशासन की नींद खुलेगी?

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts