
कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में रेत के अवैध खनन और तस्करी को लेकर चल रहे विवाद ने मंगलवार देर रात भयावह रूप ले लिया। सोनहत थाना क्षेत्र में बदमाशों ने एक फॉर्च्यूनर वाहन को घेरकर उसमें पेट्रोल छिड़क दिया और आग लगा दी। इस दर्दनाक घटना में भाजपा के पूर्व जनपद पंचायत उपाध्यक्ष और उनके शिक्षक भाई की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं।

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान नौगई निवासी भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह और उनके भाई नागेंद्र सिंह के रूप में हुई है। नागेंद्र सिंह पेशे से शिक्षक थे। वहीं, वीरू सिंह समेत दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज जारी है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नौगई रेत घाट के संचालन और कथित अवैध रेत परिवहन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि भरत सिंह के एक रिश्तेदार के पास रेत घाट का ठेका था, जिसे लेकर दूसरे पक्ष के साथ तनातनी बनी हुई थी।

मंगलवार रात भरत सिंह अपने साथियों के साथ फॉर्च्यूनर में सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि हमलावरों ने वाहन पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आग इतनी तेजी से फैली कि वाहन में सवार लोगों को बाहर निकलने का पर्याप्त मौका नहीं मिल सका।

घटना की सूचना मिलते ही सोनहत पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान नागेंद्र सिंह ने भी दम तोड़ दिया, जबकि दो घायलों को बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सरगुजा रेंज के आईजी दीपक झा सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटनास्थल पहुंचे और जांच का जायजा लिया। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल हत्या, आगजनी और आपराधिक षड्यंत्र समेत विभिन्न धाराओं में जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
