
बिलासपुर। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री Arun Sao ने बुधवार को बहतराई स्थित खेल परिसर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परिसर में चल रहे विभिन्न निर्माण और विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। कार्यों की धीमी गति और मौके पर मौजूद अव्यवस्थाओं को देखकर उन्होंने अधिकारियों पर नाराजगी जताई और संबंधित विभागों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री ने आर्चरी मैदान, हॉकी मैदान, इंडोर और आउटडोर स्टेडियम सहित खेल सुविधाओं के विस्तार से जुड़े निर्माण कार्यों का अवलोकन किया। बहतराई खेल परिसर में करीब 70 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से अधोसंरचना विकास और खेल सुविधाओं के उन्नयन का कार्य किया जा रहा है, लेकिन कई परियोजनाओं की प्रगति अपेक्षा के अनुरूप नहीं मिलने पर उन्होंने अधिकारियों से जवाब-तलब किया।

अरुण साव ने लोक निर्माण विभाग और खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट शब्दों में कहा कि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्माण एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि खेल सुविधाओं के विकास से प्रदेश के खिलाड़ियों को बेहतर अवसर मिलेंगे, इसलिए परियोजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करने और गुणवत्ता के साथ तेजी से काम पूरा कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि निर्माण कार्यों में लापरवाही या अनावश्यक विलंब पाया गया तो जिम्मेदार अधिकारियों और एजेंसियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि बहतराई खेल परिसर में खेल सुविधाओं के विस्तार और आधुनिक अधोसंरचना निर्माण का कार्य लंबे समय से जारी है। ऐसे में उपमुख्यमंत्री के औचक निरीक्षण और सख्त रुख के बाद अब निर्माण कार्यों में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।
