
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में पुरानी रंजिश को लेकर दो युवकों पर 20 से 25 लोगों द्वारा हमला करने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि आरोपियों ने बेसबॉल बैट, लोहे की पाइप, चैन स्पॉकेट में लगे रॉड और धारदार हथियारों से युवकों को घेरकर बुरी तरह पीटा। हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। एक युवक के हाथ-पैर टूटने की बात सामने आई है, जबकि दूसरे के पैर में गंभीर चोट लगी है। दोनों के सिर पर भी गहरे घाव हैं और कई टांके लगे हैं।

पीड़ित परिवार के मुताबिक, घटना 27 अगस्त 2026 की शाम करीब 4:30 बजे सरकंडा थाना क्षेत्र के कुंदरूबाड़ी के पास शिव मंदिर के आगे दास ठेक चिंगराजपारा इलाके की है। संजय राजपूत अपने रिश्ते के मामा लगने वाले लिल्ले और राजा ठाकुर के साथ वहां गया था। इसी दौरान आदि, किड्डू, कैलाश और उनके साथियों ने उन्हें कथित तौर पर घेर लिया।

गाली-गलौज के बाद अचानक हमला
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि आरोपियों ने पुराने विवाद को लेकर गाली-गलौज शुरू की और जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट करने लगे। इसके बाद बेसबॉल बैट, लोहे की पाइप और रॉड से हमला किया गया। हमले के दौरान लिल्ले मौके से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा, जबकि संजय राजपूत और राजा ठाकुर गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। परिजनों और डायल-112 की मदद से दोनों को इलाज के लिए सिम्स बिलासपुर ले जाया गया। बाद में दोनों का इलाज वेगस अस्पताल में जारी होने की जानकारी सामने आई है।

किसी के सिर पर 25 तो किसी पर 30 टांके
हमले की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पीड़ित पक्ष के अनुसार संजय राजपूत के हाथ और पैर में गंभीर चोट आई है। उसके सिर पर करीब 25 टांके लगे हैं। वहीं राजा ठाकुर के पैर में गंभीर चोट बताई जा रही है और उसके सिर पर घातक वार किया गया, जिसमें करीब 30 टांके लगे हैं।
पुलिस पर भी उठ रहे सवाल
इस घटना के बाद अब पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। पीड़ित पक्ष का दावा है कि घटना से कुछ दिन पहले दोनों पक्ष विवाद को लेकर थाने पहुंचे थे। आरोप है कि उस समय यदि पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की होती, तो शायद यह हिंसक घटना टाली जा सकती थी। हालांकि, पुलिस की ओर से इस संबंध में क्या कार्रवाई की गई थी और पूर्व शिकायत पर क्या कदम उठाए गए थे, यह पुलिस के आधिकारिक बयान के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
हमले का VIDEO सोशल मीडिया पर वायरल
घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल होने की बात सामने आ रही है। वीडियो में मारपीट और भीड़ दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि अगर दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद था और मामला पुलिस तक पहुंच चुका था, तो आखिर ऐसी नौबत क्यों आई? पीड़ित परिवार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहा है। फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच और आधिकारिक बयान के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी।
