
बिलासपुर, 06 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र स्थित ग्राम बेलतरा के ग्रामीण बैंक में रविवार देर रात चोरी की कोशिश का मामला सामने आया है। अज्ञात बदमाश बैंक की पिछली दीवार तोड़कर अंदर घुसने का प्रयास कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने बैंक परिसर में लगे एटीएम को भी नुकसान पहुंचाया। हालांकि, बदमाश बैंक से नकदी या अन्य कोई सामान ले जाने में सफल नहीं हो सके और मौके से फरार हो गए।

सोमवार सुबह बैंक कर्मचारियों के पहुंचने पर घटना का खुलासा हुआ। बैंक की दीवार टूटी हुई मिली और एटीएम भी क्षतिग्रस्त था। सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने बैंक के सीसीटीवी सिस्टम से भी छेड़छाड़ की है। पुलिस डीवीआर की जांच कर रही है और बैंक के साथ-साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट सहित अन्य तकनीकी और भौतिक साक्ष्य जुटाए हैं।

पुलिस को आशंका है कि बदमाशों ने वारदात से पहले बैंक की रेकी की थी और पूरी योजना के तहत चोरी की कोशिश की। हालांकि किसी कारणवश वे अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सके।
ग्रामीण अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। जांच में बैंक की दीवार और एटीएम में तोड़फोड़ की पुष्टि हुई है। एफएसएल टीम ने आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं और सीसीटीवी फुटेज व डीवीआर की गहन जांच की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

फिलहाल पुलिस बैंक प्रबंधन से पूछताछ कर रही है और आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों की भी जांच की जा रही है। मामले की हर पहलू से पड़ताल जारी है।
