Monday, July 6, 2026
Homeअपराधकिचन के शेड में उतरा करंट, चाय बनाने गई महिला की मौत;...

किचन के शेड में उतरा करंट, चाय बनाने गई महिला की मौत; वायरिंग में लीकेज की आशंका…

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के ग्राम हरदी कला में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 40 वर्षीय महिला की करंट लगने से मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब महिला सुबह उठकर चाय बनाने के लिए घर के किचन की ओर जा रही थी। प्रारंभिक जांच में घर की विद्युत वायरिंग में खराबी या करंट लीकेज की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान आशा देवी रजक (40), पति संजय रजक, निवासी ग्राम हरदी कला के रूप में हुई है। बताया गया कि सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे वह रोज की तरह उठकर रसोई की ओर गई थीं। इसी दौरान किचन के शेड में करंट प्रवाहित हो रहा था, जिससे वहां लगी लोहे की सीढ़ी भी करंट की चपेट में थी। जैसे ही आशा देवी सीढ़ी के संपर्क में आईं, उन्हें जोरदार करंट लगा और वह मौके पर ही गिरकर बेहोश हो गईं।

परिजनों ने तुरंत डायल-112 को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम ने उन्हें तत्काल उपचार के लिए सिम्स अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही सिरगिट्टी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया विद्युत लीकेज के कारण हादसा होने की संभावना है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी जांच के बाद ही होगी।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस हादसे के बाद पूरे परिवार में शोक का माहौल है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts