
बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में चोरी के आरोप में गिरफ्तार एक महिला पुलिस हिरासत से फरार हो गई। घटना के 48 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद पुलिस को महिला का कोई सुराग नहीं मिला है। मामले में लापरवाही सामने आने पर पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने एक महिला कांस्टेबल समेत तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, चोरी के आरोप में गिरफ्तार महिला को बालोद कोतवाली थाना लाया गया था। रात में उसे महिला पुलिसकर्मियों की निगरानी में थाने में रखा गया। शनिवार सुबह महिला पुलिसकर्मियों को चकमा देकर थाने से फरार हो गई।
महिला के फरार होने की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में सर्च अभियान शुरू किया, लेकिन 48 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी महिला का पता नहीं चल सका।
घटना को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में एक महिला कांस्टेबल सहित तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। फरार महिला की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार अभियान चला रही हैं।
