
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के चकरभाठा थाना क्षेत्र में 65 वर्षीय बुजुर्ग का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान जगतार सिंह के रूप में हुई है। उनका शव कॉलोनी के पास औंधे मुंह पड़ा मिला, जबकि घटनास्थल के आसपास उनके जूते और पैंट पड़े हुए थे। कुछ दूरी पर उनकी स्कूटी भी खड़ी मिली, जिससे मामला और रहस्यमय हो गया।
जानकारी के अनुसार, जगतार सिंह पिछले कुछ समय से लापता थे। परिजनों ने उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट एक दिन पहले ही चकरभाठा थाने में दर्ज कराई थी। इसके अगले ही दिन उनका शव मिलने की सूचना से परिवार में शोक का माहौल है। परिजनों ने आशंका जताई है कि बुजुर्ग के साथ कोई अप्रिय घटना हुई है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक विशेषज्ञों और डॉग स्क्वाड की टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।
फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। तब तक किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
